पूर्व में कार्य हो चुके रास्ते पर नई निविदा को लेकर उठे सवाल, जांच के बाद नगर पंचायत ने टेंडर रद्द किया
गजा, टिहरी गढ़वाल: नगर पंचायत गजा के वार्ड नंबर 2 में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से कटकधार सड़क तक इंटरलॉकिंग टाइल रास्ते के निर्माण को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। इस विवाद के चलते नगर पंचायत द्वारा जारी टेंडर को निरस्त कर दिया गया है।
स्थानीय निवासी राजेन्द्र सिंह खाती ने जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल और सोशल मीडिया के माध्यम से पत्र भेजकर दावा किया कि संबंधित रास्ते पर पहले ही निर्माण कार्य हो चुका है, इसलिए निविदा का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
जिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व निरीक्षक गजा और अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत द्वारा स्थलीय निरीक्षण कर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।
नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान ने बताया कि बोर्ड बैठक में कटकधार तक रास्ता बनाए जाने का प्रस्ताव पारित हुआ था। साथ ही, वार्ड 2 के पूर्व सभासद द्वारा 10 मार्च 2025 को एक पत्र के माध्यम से छात्र एवं जनहित में ऊबड़-खाबड़ रास्ते के निर्माण की मांग की गई थी, जिस पर बोर्ड ने सहमति जताई थी।
9 अप्रैल 2025 को अन्य रास्तों के साथ इस मार्ग के लिए भी निविदा जारी की गई थी। अधिशासी अधिकारी श्री रोहित परमार ने स्पष्ट किया कि इस मार्ग पर पूर्व में कोई भुगतान नहीं किया गया है। साथ ही बताया कि तहसील गजा द्वारा भी मामले की जांच की जा चुकी है।
प्रथम बोर्ड बैठक में यह प्रस्ताव पारित किया गया था कि रास्ते का विस्तार कटकधार-गजा डांडाचली सड़क तक किया जाएगा, जिसके तहत यह टेंडर जारी हुआ था। लेकिन अब विवाद और आपत्तियों को देखते हुए निविदा निरस्त कर दी गई है।
नगर पंचायत गजा ने स्पष्ट किया है कि वह थर्ड पार्टी जांच में पूर्ण सहयोग देने को तैयार है।
