मनरेगा, एनआरएलएम, प्रधानमंत्री आवास व अन्य योजनाओं की प्रगति पर हुई विस्तृत चर्चा | 15 सितम्बर तक ग्राम पंचायतों में समूह गठन अनिवार्य
📍 टिहरी गढ़वाल, 24 अगस्त 2025
मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) टिहरी गढ़वाल वरूणा अग्रवाल की अध्यक्षता में शनिवार 23 अगस्त को विकास भवन सभागार में ग्राम्य विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में महात्मा गांधी नरेगा, एनआरएलएम, ग्रामोत्थान (रीप), प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, विधायक निधि, सांसद निधि, सीएम हेल्पलाइन सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
🔹 मनरेगा पर विशेष फोकस
सीडीओ ने सभी विकासखण्ड अधिकारियों को निर्देश दिए कि मनरेगा के तहत मानव दिवस सृजन, 100 दिन का रोजगार, कार्य पूर्ति दर, कृषि आधारित कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही NMMS, एरिया ऑफिसर ऐप व सोशल ऑडिट लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा करने के लिए रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए।
🔹 एनआरएलएम व लखपति दीदी योजना
एनआरएलएम के अंतर्गत सीडीओ ने कहा कि विकासखण्डवार ‘लखपति दीदी’ योजना हेतु अधिक से अधिक सदस्यों का चयन कर उन्हें विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन ग्राम पंचायतों में अभी तक समूह गठन नहीं हुआ है, वहां 15 सितम्बर 2025 तक समूह गठन अनिवार्य रूप से पूरा कर लिया जाए।
🔹 प्रधानमंत्री आवास व विधायक/सांसद निधि
सीडीओ ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (आवास+ 2024 सर्वे) से जुड़े सभी मोबाइल एप आधारित सत्यापन कार्यों को 31 अगस्त 2025 तक पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा, विधायक निधि के अंतर्गत 2020-21 तक लंबित 90 कार्यों को 31 अगस्त तक पूर्ण करने व लगभग 165 कार्यों के आंगणन तीन दिन में प्रस्तुत करने के आदेश दिए।
सांसद निधि के कार्यों को भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।
🔹 सीएम हेल्पलाइन व रोजगारपरक परियोजनाएं
सीडीओ ने सभी बीडीओ को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करें और शिकायतकर्ताओं से पोर्टल के माध्यम से संवाद स्थापित करें।
साथ ही, विभिन्न ब्लॉकों की 12-15 रोजगारपरक परियोजनाओं को चिन्हित किया गया है, जिन्हें अक्टूबर माह में प्रस्तावित सरस मेले में मुख्यमंत्री द्वारा शुभारंभ कराया जाएगा। इनमें एनआरएलएम, रीप और अमृत सरोवर योजनाएं सम्मिलित की जाएंगी।
🔹 बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में परियोजना निदेशक पुष्पेन्द्र सिंह चौहान, जिला विकास अधिकारी मो. असलम, सभी खण्ड विकास अधिकारी, रीप व एनआरएलएम टीम सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
