चंबा बुरांशबाड़ी में श्रीमद्भागवत कथा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, कृष्ण जन्मोत्सव और गजेंद्र मोक्ष कथा ने भाव-विभोर किए श्रोता
तेज धूप के बावजूद बड़ी संख्या में पहुंची मातृशक्ति, 30 मई को भंडारे और प्रसाद वितरण के साथ होगा कथा यज्ञ का समापन
रिपोर्ट @ सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’
चंबा। नगर क्षेत्र चंबा के बुरांशबाड़ी वार्ड नंबर-7 में आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण ज्ञान कथा यज्ञ के चौथे दिन श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, वराह अवतार और गजेंद्र मोक्ष की भावपूर्ण कथाओं का श्रवण किया। कथा स्थल पर धर्म और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।
व्यास पीठ पर विराजमान आचार्य महेश कृष्ण चमोली ने अपने मुखारविंद से हिरण्यकश्यप और भक्त प्रह्लाद की कथा का वर्णन करते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव, वासुदेव जी द्वारा बालकृष्ण को गोकुल पहुंचाने तथा भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं का विस्तार से वर्णन किया। कथा के दौरान व्यास जी ने कई प्रेरणादायक धार्मिक लघु प्रसंग भी सुनाए, जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
कीर्तन मंडली द्वारा प्रस्तुत भजनों — “नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की” तथा “हाथी घोड़ा पालकी जय कन्हैया लाल की” — ने पूरे पंडाल को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया। श्रद्धालु भजनों पर झूमते नजर आए।
नव कीर्तन मंडली द्वारा विभिन्न सामाजिक सरोकारों से जुड़े लोगों के सहयोग से आयोजित इस कथा यज्ञ में शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। चिलचिलाती धूप के बावजूद मातृशक्ति की भारी उपस्थिति श्रद्धा और सनातन संस्कृति के प्रति अटूट विश्वास का अनुपम उदाहरण बनी हुई है।
कथा आयोजन को सफल बनाने में वार्ड सभासद सरोजिनी जोशी गैरोला, शक्ति प्रसाद जोशी, अरविंद मखलोगा, महेश पैन्यूली, रजनी मखलोगा, गबर सिंह नेगी, कृष्णा प्रसाद सेमवाल, जयवीर सिंह सज्वाण, महिपाल सिंह सज्वाण, नरेश पैन्यूली, गजेंद्र मखलोगा सहित बुरांशवाड़ा क्षेत्र के अनेक सहयोगी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। कथा यज्ञ के आयोजन हेतु पुलिस प्रशासन द्वारा स्थान उपलब्ध कराया गया है।
कथा श्रवण के दौरान कोटनाला, मनोज नकोटी, मुकेश पैन्यूली, इंद्र सिंह नेगी, किशोरी लाल थपलियाल, एस.एल. सकलानी, कीर्ति सिंह बिष्ट सहित अनेक श्रद्धालुओं ने व्यासपीठ से आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रीमद्भागवत ज्ञान कथा यज्ञ का समापन 30 मई को विशाल भंडारे एवं प्रसाद वितरण के साथ होगा।
