चंबा में एबीवीपी का सदस्यता अभियान तेज, विद्यालयों में पहुंचकर छात्रों को जोड़ रहे कार्यकर्ता
“छात्र जागेगा, देश बढ़ेगा” के संदेश के साथ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने चलाया जनजागरण अभियान
चंबा/टिहरी गढ़वाल, 12 मई 2026।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) द्वारा उत्तराखंड भर में चलाए जा रहे सदस्यता अभियान के तहत चंबा नगर इकाई भी सक्रिय रूप से विद्यालयों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को संगठन से जोड़ने का कार्य कर रही है। अभियान के अंतर्गत नगर इकाई मंत्री राजन सजवाण के नेतृत्व में विभिन्न विद्यालयों में जाकर सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए राजन सजवाण ने कहा कि “छात्र जागेगा, देश बढ़ेगा” केवल एक नारा नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण की दिशा में युवाओं की जिम्मेदारी का संदेश है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद वर्ष के 365 दिन छात्र हित, समाज हित और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करती है।
उन्होंने विद्यार्थियों को संगठन की विचारधारा, छात्र हितों के लिए किए जा रहे कार्यों एवं राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के बारे में जानकारी दी। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने एबीवीपी की सदस्यता ग्रहण की।
अभियान में परिषद के पूर्व अध्यक्ष आदित्य रतूड़ी, कार्यकर्ता यशपाल पंवार, नगर अध्यक्ष आशीष राणा, कार्यकर्ता मृदुल, नवनीत उनियाल, प्रेम थापा, आर्यन गोसाई, प्रिया एवं जीआर नैंसी सहित कई छात्र कार्यकर्ता मौजूद रहे।
विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कहा कि संगठन लगातार विद्यार्थियों के अधिकारों, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और सामाजिक जागरूकता के मुद्दों पर कार्य करता रहेगा तथा अधिक से अधिक युवाओं को राष्ट्रहित से जोड़ने का प्रयास जारी रहेगा।
