चंबा में पहुंची नशा मुक्ति जागरूकता वैन, युवाओं से नशे से दूर रहने का किया आह्वान
भारत सरकार के ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत चंबा चौक पर चला जनजागरूकता कार्यक्रम, दिलाई गई नशामुक्ति की शपथ
चंबा, टिहरी गढ़वाल | SKS News
रिपोर्ट: सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’
भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से चल रही विशेष मोबाइल वैन के चंबा पहुंचने पर स्थानीय प्रशासन, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों द्वारा स्वागत किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद चंबा की अध्यक्ष शोभनी धनोला, चंबा थानाध्यक्ष विपिन बहुगुणा तथा प्रजापति ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की संयोजिका अल्का बहन सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, शिक्षा मंत्रालय तथा प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में चंबा चौक पर आयोजित कार्यक्रम में नशे के दुष्प्रभावों, रोकथाम एवं जागरूकता से संबंधित संदेशों का प्रसारण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से होने वाले सामाजिक एवं व्यक्तिगत नुकसान के प्रति जागरूक करना था।
प्रजापति ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की संयोजिका अल्का बहन एवं उनकी टीम ने निर्धारित गणवेश में कार्यक्रम का संचालन करते हुए उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। इस दौरान सभी प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चंबा थानाध्यक्ष विपिन बहुगुणा ने कहा कि वर्तमान समय में युवा वर्ग तेजी से नशे की चपेट में आ रहा है, जो समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता अभियान युवाओं को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे जैसी बुराई से दूर रहकर अपने भविष्य को सुरक्षित बनाएं।
नगर पालिका अध्यक्ष शोभनी धनोला ने भी नागरिकों से नशे से दूर रहने और स्वस्थ समाज के निर्माण में सहयोग देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज ही समृद्ध और सुरक्षित समाज की पहचान है।
अल्का बहन ने नशे के दुष्प्रभावों, इसके सामाजिक और पारिवारिक प्रभावों तथा इससे बचाव के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि ब्रह्माकुमारी संस्था लंबे समय से नशामुक्ति एवं नैतिक जागरूकता के क्षेत्र में कार्य कर रही है और इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आए हैं।
कार्यक्रम में शिक्षाविद एवं सामाजिक चिंतक सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’ ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए युवाओं से कानून का सम्मान करने, सकारात्मक सोच अपनाने और नशे जैसी कुप्रवृत्तियों से दूर रहने की अपील की।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा सड़क सुरक्षा सप्ताह के समापन दिवस पर सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की गईं। साथ ही आगामी विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर 16 जून को बौराड़ी में आयोजित होने वाले रक्तदान शिविर की जानकारी देते हुए 18 से 60 वर्ष आयु वर्ग के नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में रक्तदान करने की अपील की गई।
कार्यक्रम में सब-इंस्पेक्टर अमित कुमार, पुलिस कर्मी, नगर पालिका कर्मचारी, व्यापार मंडल के सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। लगभग एक घंटे तक चले इस अभियान के माध्यम से लोगों को नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु प्रेरित किया गया।
