चंबा में वित्तीय समावेशन सैचुरेशन कैंप आयोजित, जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी
प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा, जीवन ज्योति बीमा, अटल पेंशन और जनधन योजना से जुड़ने का आह्वान, 1049 ग्राम पंचायतों तक पहुंच रहा जागरूकता अभियान
चम्बा, टिहरी गढ़वाल, 15 जून 2026 | SKS News
वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से विकासखंड चंबा में सैचुरेशन कैंप का आयोजन किया गया। वित्त मंत्रालय के अधीन वित्तीय सेवा विभाग (Department of Financial Services-DFS) के निर्देशानुसार अग्रणी बैंक कार्यालय, नई टिहरी द्वारा आयोजित इस कैंप में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
विकासखंड चंबा सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक मनीष मिश्रा ने उपस्थित जनसमूह को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY), प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), अटल पेंशन योजना (APY), प्रधानमंत्री जनधन योजना (PMJDY), री-केवाईसी (Re-KYC) तथा अन्य वित्तीय समावेशन योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
उन्होंने कहा कि सरकार की इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को वित्तीय सुरक्षा प्रदान करना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने परिवार, पड़ोस एवं ग्राम स्तर पर अन्य लोगों को भी इनके प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि जनपद टिहरी गढ़वाल की सभी 1049 ग्राम पंचायतों में वित्तीय समावेशन एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विशेष जागरूकता एवं सैचुरेशन कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इन अभियानों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे और सभी लाभार्थियों को शत-प्रतिशत योजनाओं से जोड़ा जा सके।
जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक ने लोगों को बैंकिंग सेवाओं, बीमा योजनाओं, पेंशन सुविधाओं और डिजिटल वित्तीय सेवाओं के महत्व के बारे में भी जागरूक किया। उन्होंने बताया कि वित्तीय साक्षरता से न केवल व्यक्तिगत आर्थिक सुरक्षा मजबूत होती है, बल्कि समाज और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिलती है।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख चंबा सुमन सजवाण, सहायक खंड विकास अधिकारी जंगी लाल आर्य, ब्लॉक मिशन मैनेजर चंद्र मोहन उनियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कैंप में लगभग 120 लोगों ने प्रतिभाग कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा भविष्य में इन योजनाओं का लाभ लेने के प्रति अपनी रुचि व्यक्त की। कार्यक्रम के दौरान लोगों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
