चारधाम यात्रा में परिवहन विभाग की सख्त कार्रवाई, निजी वाहनों के व्यवसायिक उपयोग पर 04 वाहन सीज़, 12 चालान
चारधाम यात्रा : निजी वाहनों के व्यवसायिक उपयोग पर 04 वाहन सीज़, 12 चालान
टिहरी गढ़वाल, 15 मई 2026
चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से टिहरी गढ़वाल प्रशासन लगातार सख्त निगरानी बनाए हुए है। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देशानुसार परिवहन विभाग द्वारा भद्रकाली एनएच-34 पर विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान निजी वाहनों का व्यवसायिक उपयोग करते पाए जाने पर 02 वाहनों को सीज़ किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य परिवहन नियमों के उल्लंघन में 02 अन्य वाहनों को भी सीज़ किया गया। वहीं विभिन्न यातायात एवं मोटर वाहन अधिनियम के उल्लंघन पर कुल 12 चालान किए गए।
प्रवर्तन अभियान में सहायक प्रवर्तन निरीक्षक अनंतराम रावत एवं अर्जुन सिंह के साथ परिवहन आरक्षी रोहन, विपिन और सुशील मौजूद रहे।
एआरटीओ (प्रवर्तन) सत्येंद्र राज ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान निजी वाहनों का व्यवसायिक उपयोग न करें तथा केवल अधिकृत सार्वजनिक सेवा वाहनों का ही उपयोग करें। उन्होंने कहा कि इससे यात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम बनी रहेगी।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा मार्गों पर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
