जनता दरबार में सुनी जिलाधिकारी ने जनसमस्याएं, 60 शिकायतों पर हुई सुनवाई
पेंशन मामलों में लापरवाही पर सख्त चेतावनी, सौंग बांध विस्थापितों और सड़क-पेयजल समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश
टिहरी गढ़वाल, 1 जून 2026, SKS News।
सोमवार को जिला सभागार, नई टिहरी में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार कार्यक्रम में जनपदवासियों की विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों को सुना गया। इस दौरान कुल 60 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जो पेयजल, पुनर्वास, मुआवजा, पेंशन तथा अन्य जनहित से जुड़े विषयों से संबंधित थे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं जन समर्पण पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पेंशन प्रकरणों को गंभीरता से लेने के निर्देश देते हुए कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित समय में कार्य न होने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
जनता दरबार में ग्राम एवं पोस्ट रंगड़ गांव, तहसील धनोल्टी के सौंग बांध प्रभावित एवं विस्थापित विकास समिति के अध्यक्ष रविन्द्र सिंह तथा सचिव बलबीर सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने सौंग बांध परियोजना से प्रभावित एवं विस्थापित परिवारों को पूर्ण मुआवजा, पुनर्वास एवं अन्य देय लाभ उपलब्ध कराए जाने की मांग उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने समस्या के समाधान का आश्वासन देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
नगर पालिका परिषद चम्बा के सभासद शक्ति प्रसाद जोशी ने चम्बा क्षेत्र में पुरानी टिहरी रोड, ऋषिकेश रोड एवं धरासू रोड की जर्जर स्थिति को सुधारने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) एवं बीआरओ को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चम्बा के मुख्य द्वार के समीप तथा शिव मंदिर मोड़ से मसूरी रोड को जोड़ने वाले मार्ग पर इंटरलॉक टाइल पैच कार्य न होने और सड़क की खराब स्थिति की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग चम्बा को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
तहसील जाखणीधार के ग्राम गराकोट की प्रधान रीना देवी ने जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत कुछ परिवारों को अब तक पेयजल कनेक्शन न मिलने की समस्या उठाई। इस पर अधिशासी अभियंता जल निगम चम्बा को सभी पात्र परिवारों को नियमानुसार कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
तहसील कण्डीसौड़ के ग्राम रत्नौगाढ़ निवासी कौशा देवी ने ऑल वेदर रोड परियोजना में मकान एवं दुकान अधिग्रहित होने के बावजूद अब तक मुआवजा न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने बीआरओ एवं एसएलएओ को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिला पंचायत सदस्य दर्शनी रावत ने रानीचौरी-नकोट मोटर मार्ग निर्माण के बाद बादशाहीथौल-रानीचौरी पैदल मार्ग के क्षतिग्रस्त होने तथा भैतोंगी सेरा से बौराड़ी तक राइजिंग लाइन कई स्थानों पर खुले में दिखाई देने की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि इससे ग्रामीणों एवं पशुओं को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई कर समस्या के समाधान के निर्देश दिए।
जनता दरबार में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र नेगी, उप जिलाधिकारी टिहरी कमलेश मेहता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय, आईएएस प्रशिक्षु ज्योति सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
