पीपीपी मोड से हटेगा रामनगर संयुक्त चिकित्सालयः डॉ. धन सिंह रावत
जिलाधिकारी और एसएसपी पौड़ी को त्वरित व निष्पक्ष जांच के दिए निर्देश, पीड़ित परिवार को दिलाने का आश्वासन
पौड़ी, 22 अगस्त 2025।
पौड़ी जनपद के तलसारी गांव निवासी जितेंद्र कुमार की आत्महत्या प्रकरण ने पूरे जनपद को झकझोर दिया है। इस घटना पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत दुःखद और संवेदनशील मामला है। उन्होंने मृतक के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और आश्वासन दिया कि इस कठिन समय में सरकार पूरी तरह परिवार के साथ खड़ी है।
कैबिनेट मंत्री डॉ. रावत ने घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी से वार्ता की और निर्देश दिए कि मामले की त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिल सके।
डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि इस घटना के दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा, चाहे आरोपी कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिए कि इस मामले को संवेदनशीलता से लिया जाए और मृतक के परिजनों को पूरी सुरक्षा प्रदान की जाए। मंत्री ने यह भी कहा कि इस प्रकार की घटनाओं को किसी भी हाल में सहन नहीं किया जाएगा और पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
