नई टिहरी जिला सभागार में आयोजित बैठक में विभागवार कार्यों की समीक्षा, अक्टूबर तक के कार्यों का प्लान मांगा
टिहरी, 21 अगस्त 2025।
जिला सभागार नई टिहरी में बुधवार देर सायं जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जिला सेक्टर, राज्य सेक्टर, बीस सूत्री कार्यक्रम एवं टास्क फोर्स संबंधी बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभागवार कार्यों एवं व्यय की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में लोनिवि, जल निगम, जल संस्थान, वन विभाग, लघु सिंचाई, स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण, बाल विकास, कृषि, उरेडा, पशुपालन, पंचायती राज सहित अन्य विभागों की प्रगति पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने राज्य सेक्टर और केंद्र पोषित योजनाओं का डेटा पोर्टल पर समय से अपडेट करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को नए कार्यों के शीघ्र टेंडर कराने, अक्टूबर तक के कार्यों एवं खर्चों का विस्तृत प्लान उपलब्ध कराने तथा परियोजनाओं में भौतिक व वित्तीय प्रगति लाने पर बल दिया।
उरेडा विभाग को सोलर लाइट्स की मरम्मत कर जियो-टैगिंग करने के निर्देश दिए गए।
शिक्षा विभाग को आपदा से क्षतिग्रस्त स्कूल संपर्क मार्गों/नालों की रिपोर्ट प्राथमिकता पर उपलब्ध कराने को कहा गया ताकि बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो। साथ ही शिक्षा विभाग एवं कार्यदायी संस्था को सभी कार्यों की प्राक्कलन और टेंडर संबंधी रिपोर्ट 27 अगस्त तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि लोक निर्माण विभाग के सभी नए कार्यों के टेंडर हो चुके हैं।
जल निगम द्वारा 5 करोड़ में से 1.79 करोड़ व्यय किए जा चुके हैं तथा 33 नवीन कार्यों की निविदाएं हो चुकी हैं।
समाज कल्याण विभाग द्वारा जन कल्याणकारी शिविर आयोजित करने हेतु ब्लॉकवार रोस्टर तैयार कर लिया गया है।
बीस सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी विभागों को योजनाओं में ‘ए’ श्रेणी में आने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि आवश्यक हो तो विभाग समय पर निदेशालय स्तर पर समन्वय कर अपने टारगेट रिवाइज करा लें। साथ ही बंद हो चुकी योजनाओं को पोर्टल से हटाने और ‘बी, सी व डी श्रेणी’ वाले विभागों को प्रगति लाने के निर्देश दिए।
टास्क फोर्स की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को गांवों का नियमित दौरा कर समय पर सत्यापन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीडीओ वरुणा अग्रवाल, डीएफओ टिहरी वन प्रभाग पुनीत तोमर, सीएमओ डॉ. श्याम विजय, डीडीओ मो. असलम सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
