जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक में पेयजल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यों के दिए निर्देश
हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने पर जोर, जल जीवन मिशन, ओडीएफ प्लस, आंगनबाड़ी पेयजल एवं गोवर्धन परियोजना की हुई समीक्षा
नई टिहरी, 28 जुलाई 2026 | सरहद का साक्षी, डिजिटल मीडिया
जनपद में जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रत्येक घर तक सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को जिला कार्यालय स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) कक्ष में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन (DWSM) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पेयजल योजनाओं की प्रगति, निर्माण कार्यों, जल गुणवत्ता, घरेलू नल कनेक्शन, संचालन एवं अनुरक्षण सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।
समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्यों पर दिया विशेष जोर
बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माणाधीन पेयजल योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल पहुंचाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करना होगा।
जल गुणवत्ता और स्रोतों के संरक्षण पर विशेष फोकस
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल स्रोतों के संरक्षण, पेयजल गुणवत्ता की नियमित जांच तथा जलापूर्ति व्यवस्था की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। जिन क्षेत्रों में पेयजल संबंधी समस्याएं हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान किया जाए।
उन्होंने कहा कि योजनाओं के संचालन एवं अनुरक्षण को मजबूत बनाकर आमजन को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं की वर्तमान स्थिति, प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी भी प्रस्तुत की।
ओडीएफ प्लस लक्ष्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने ओडीएफ प्लस की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिन ग्रामों में अभी तक निर्धारित लक्ष्य प्राप्त नहीं हुआ है, उनकी शीघ्र मैपिंग कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने सभी विकासखंडों एवं जिला पंचायत द्वारा संचालित गारबेज कलेक्शन वाहनों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सभी वाहनों का संयुक्त डाटा तैयार कर संबंधित पोर्टल पर अपलोड किया जाए तथा उनकी जीपीएस मैपिंग नियमित रूप से सुनिश्चित की जाए।
आंगनबाड़ी केंद्रों में शत-प्रतिशत पेयजल सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने समस्याग्रस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल उपलब्धता की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जहां अभी तक पेयजल कनेक्शन उपलब्ध नहीं हैं, वहां शीघ्र कनेक्शन उपलब्ध कराकर शत-प्रतिशत पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों एवं महिलाओं से जुड़े संस्थानों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
गोवर्धन परियोजना की भी हुई समीक्षा
बैठक में गोवर्धन परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जैविक अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन, बायोगैस एवं जैविक खाद उत्पादन को बढ़ावा देने तथा परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में इस प्रकार की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, जिला विकास अधिकारी मो. असलम, अधीक्षण अभियंता जल संस्थान विनोद रमोला, अधीक्षण अभियंता जल निगम वी.के. जैन, अधिशासी अभियंता जल संस्थान नई टिहरी प्रशांत भारद्वाज, देवप्रयाग के अधिशासी अभियंता नरेश पाल, अधिशासी अभियंता जल निगम चंबा के.एन. सेमवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
