लम्बगांव में दवा दुकानों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, दो मेडिकल स्टोरों के संचालन पर तत्काल रोक
संयुक्त निरीक्षण में मिलीं गंभीर अनियमितताएं, औषधि नियमों के उल्लंघन पर वैधानिक कार्रवाई शुरू
टिहरी गढ़वाल, 28 जुलाई 2026 | सरहद का साक्षी, डिजिटल मीडिया
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देशों के अनुपालन में जनपद टिहरी गढ़वाल के लम्बगांव क्षेत्र में औषधि प्रतिष्ठानों का व्यापक संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया गया। निरीक्षण के दौरान औषधि नियमों के उल्लंघन एवं गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर दो मेडिकल स्टोरों के औषधि क्रय-विक्रय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई, जबकि अन्य अनियमितताओं वाले प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।
वरिष्ठ औषधि निरीक्षक एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने की जांच
निरीक्षण अभियान वरिष्ठ औषधि निरीक्षक सी.पी. नेगी, औषधि निरीक्षक ऋषभ धामा तथा पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा संचालित किया गया। टीम ने क्षेत्र के विभिन्न औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर दवा विक्रय से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच की।
सीसीटीवी, अभिलेख और भंडारण व्यवस्था की हुई जांच
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेडिकल स्टोरों में स्थापित सीसीटीवी व्यवस्था, औषधियों के क्रय-विक्रय अभिलेख, स्टॉक रजिस्टर, भंडारण व्यवस्था तथा अन्य वैधानिक दस्तावेजों का गहन परीक्षण किया। जांच के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि सभी प्रतिष्ठान औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम तथा संबंधित नियमों का पालन कर रहे हैं या नहीं।
दो फर्मों के संचालन पर तत्काल रोक
संयुक्त निरीक्षण के दौरान दो औषधि विक्रय फर्मों में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर उनके औषधि क्रय-विक्रय कार्य पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई। संबंधित फर्मों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी गई है।
इसके अलावा जिन अन्य प्रतिष्ठानों में प्रक्रियागत कमियां एवं अनियमितताएं पाई गईं, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जनहित में अभियान रहेगा जारी
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनहित में सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए औषधियों के सुरक्षित भंडारण, वैध अभिलेखों के संधारण तथा औषधि नियमों के प्रभावी अनुपालन की नियमित निगरानी की जाएगी।
प्रशासन ने कहा कि भविष्य में भी जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में संयुक्त निरीक्षण अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि औषधि नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा सके और आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों।
