जौनपुर के दूरस्थ क्षेत्र नैनबाग में आयोजित हुआ विधिक जागरूकता शिविर
छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों को कानून, साइबर अपराध और निःशुल्क कानूनी सहायता की दी गई जानकारी
नैनबाग, टिहरी गढ़वाल | SKS News
रिपोर्ट: सोमवारी लाल सकलानी
माननीय उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों एवं जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल नितिन शर्मा के मार्गदर्शन में विकासखंड जौनपुर के सुदूर क्षेत्र स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नैनबाग में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का आयोजन सिविल जज (सी० डि०)/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दयाराम द्वारा किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा से संबंधित कानूनों की जानकारी देना था।
छात्र-छात्राओं को बताए गए कानूनी अधिकार
कार्यक्रम में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों को शारीरिक, मानसिक, आर्थिक एवं यौन शोषण से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही शिकायत का अधिकार, सुरक्षा आदेश, साझा घर में रहने का अधिकार एवं आर्थिक मुआवजा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी जागरूक किया गया।
इस अवसर पर माननीय सर्वोच्च न्यायालय नई दिल्ली में आगामी 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले “समाधान समारोह” (विशेष लोक अदालत) के संबंध में भी जानकारी दी गई।
निःशुल्क कानूनी सहायता एवं साइबर अपराध पर विशेष जानकारी
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के रिटेनर अधिवक्ता राजपाल सिंह मियां ने निःशुल्क कानूनी सहायता, पोक्सो अधिनियम, राहवीर योजना एवं मोटरयान अधिनियम की जानकारी देते हुए लोगों को विधिक सहायता योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
वहीं पुलिस चौकी नैनबाग के सब-इंस्पेक्टर श्री चौहान ने साइबर क्राइम एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में चौकी प्रभारी रामनरेश शर्मा, विद्यालय के आचार्यगण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पराविधिक स्वयंसेवी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
