टिहरी जिला कारागार में “ईट राइट कैंपस” हेतु फोर्स टेक प्रशिक्षण सम्पन्न, जल्द मिलेगा प्रमाणपत्र
उत्तराखंड की सातवीं जेल बनेगी ‘ईट राइट इंडिया’ अभियान से प्रमाणित कैंपस
फूड हैंडलर्स को दिया गया खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता पर विशेष प्रशिक्षण
टिहरी, 22 अप्रैल 2025:
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री श्री धन सिंह रावत की संकल्पना के अनुरूप, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग, उत्तराखंड द्वारा ‘ईट राइट इंडिया’ अभियान के अंतर्गत अब तक राज्य की छह जेलों को प्रमाणित किया जा चुका है। इसी क्रम में टिहरी जिला कारागार भी जल्द ही राज्य की सातवीं प्रमाणित जेल बनने जा रही है।
जिलाधिकारी टिहरी मयूर दीक्षित के निर्देश पर मंगलवार को टिहरी जेल परिसर में ईट राइट कैंपस के तहत फोर्स टेक प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) द्वारा संचालित प्रशिक्षण में जेल परिसर के भोजनालय और पाकशाला में कार्यरत फूड हैंडलर्स को खाद्य सुरक्षा मानकों, साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता, कीट नियंत्रण और स्वच्छ पेयजल के महत्व पर विशेष जानकारी दी गई।
प्रशिक्षक दीपक शर्मा ने उन्नत कैटरिंग, भोजन विषाक्तता से सुरक्षा और रसोई की स्वच्छता से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया।
राज्य नोडल अधिकारी और एफ.डी.ए. उत्तराखंड के उपायुक्त गणेश चंद्र कंडवाल ने स्वस्थ एवं टिकाऊ भोजन की आदतों पर जोर देते हुए कहा कि “तेल, चीनी और नमक का सेवन सीमित करें”, क्योंकि इनका अधिक सेवन मोटापा, मधुमेह और हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों को जन्म देता है।
कार्यक्रम के दौरान जेल अधीक्षक आर.एस. राणा ने बताया कि जेल में खानपान व्यवस्था पर विशेष सतर्कता बरती जाती है। प्रशिक्षण से पूर्व जेल के भोजनालय, पाकशाला और खानपान सेवाओं का प्री-ऑडिट कर आवश्यक सुधारों के निर्देश भी दिए गए।
इस मौके पर डिप्टी जेलर दीपाली बडशिलिया, अभिहित अधिकारी प्रमोद सिंह रावत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी शारदा शर्मा सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
