टिहरी में एनडीपीएस जिला स्तरीय समिति की बैठक संपन्न, नशा मुक्ति के लिए चलाए जाएंगे जागरूकता अभियान
अपर जिलाधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डेय ने की बैठक की अध्यक्षता, नशा मुक्ति और जागरूकता को लेकर दिए महत्वपूर्ण निर्देश
टिहरी/दिनांक 28 फरवरी, 2025:
शुक्रवार को टिहरी में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट (एनडीपीएस) की जिला स्तरीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक अपर जिलाधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में समाज कल्याण, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने हिस्सा लिया और नशा मुक्ति के कार्यों पर गहन चर्चा की।
अपर जिलाधिकारी ने बैठक के दौरान नशे के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति के लिए समाज में अधिक प्रचार-प्रसार की आवश्यकता है, खासकर युवा पीढ़ी और गरीब परिवारों की लगातार मॉनिटरिंग की जानी चाहिए, ताकि उन्हें नशे की लत से दूर रखा जा सके। इसके अलावा, महिलाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि वे स्वास्थ्य, समाजिक, पर्यावरणीय और आर्थिक नुकसान से वर्तमान और भविष्य की पीढ़ियों की रक्षा कर सकें।
एडीएम पाण्डेय ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि नशे के विनाशकारी प्रभावों पर फोकस करते हुए वीडियो संदेशों के माध्यम से प्रचार किया जाए और समाज को स्वस्थ विकल्प अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।
बैठक के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी कि टिहरी कारागार के तीन बंदियों की मनोचिकित्सक द्वारा काउंसलिंग की गई है, जो अब नशे की लत से मुक्त हो चुके हैं। वहीं, जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि जनवरी से लेकर अब तक समाज कल्याण विभाग द्वारा जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में तीन हजार से अधिक लोगों को नशा मुक्ति से संबंधित जागरूकता दी गई है। पुलिस विभाग ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में समय-समय पर छापामारी और जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। पिछले एक वर्ष में नशे में वाहन चलाने के आरोप में लगभग पांच हजार चालान किए गए हैं।
इस बैठक में एसीएमओ एलडी सेमवाल, आबकारी अधिकारी लक्ष्मण सिंह, समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा भाकुनी, भूमि संरक्षण अधिकारी पवन काला सहित पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
