टिहरी में जनगणना कार्यों में तेजी, एडीएम शैलेन्द्र नेगी ने समयबद्ध पूर्ण करने के दिए निर्देश
24 मई तक पोर्टल पर अपलोड होगा डाटा, होटल और रिजॉर्ट की भवन गणना के दौरान वीडियो बनाने के निर्देश
टिहरी गढ़वाल, 18 मई 2026 | SKS News।
जनपद टिहरी गढ़वाल में चल रहे जनगणना कार्यों को लेकर प्रशासन ने गति तेज कर दी है। सोमवार को अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में जनगणना कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न तहसीलों एवं नगर निकायों में चल रही भवन गणना और डाटा अपलोडिंग की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में एडीएम ने जानकारी देते हुए कहा कि जनगणना से संबंधित समस्त जानकारी 24 मई 2026 तक पोर्टल पर अपलोड की जानी है। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी कल तक सभी क्षेत्रों में फील्ड वर्क पूर्ण कर लिया जाए, जिसके बाद ऑपरेटर प्रत्येक डाटा की गहन जांच सुनिश्चित करें।
होटल और रिजॉर्ट की गणना के दौरान वीडियो बनाने के निर्देश
अपर जिलाधिकारी ने इन्यूमेरेटरों को निर्देशित किया कि फील्ड वर्क के दौरान विशेष रूप से होटल एवं रिजॉर्ट में भवन गणना करते समय छोटी वीडियो भी बनाई जाए, ताकि कार्य की पारदर्शिता एवं सत्यापन सुनिश्चित किया जा सके।
इन क्षेत्रों में कल तक पूरा होगा कार्य
बैठक में बताया गया कि बालगंगा, कीर्तिनगर, प्रतापनगर, टिहरी नगर पालिका, जाखनीधार, कंडीसौड़, धनोल्टी, नैनबाग, नरेंद्रनगर एवं तहसील गजा क्षेत्रों में जनगणना कार्य कल तक पूर्ण कर लिया जाएगा।
कोई भी भवन छूटना नहीं चाहिए
एडीएम शैलेन्द्र सिंह नेगी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी भवनों की गणना शत-प्रतिशत पूरी होनी चाहिए और कोई भी भवन गणना से वंचित नहीं रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में कार्य 100 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है, वहां सुपरवाइजर तत्काल चेकिंग कार्य प्रारंभ करें। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि पोर्टल पर डाटा अपलोडिंग के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी त्रुटि न हो।
बैठक में संबंधित अधिशासी अधिकारी (ईओ) एवं तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
