जिला स्तर पर पुनर्वास, सिंचाई, विद्युत, राजस्व और लोक निर्माण संबंधी शिकायतों की समीक्षा
टिहरी: जिला सभागार नई टिहरी में सोमवार को आयोजित जनता दरबार कार्यक्रम में जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने जनसमस्याओं को सुना। इस दौरान 56 से अधिक आवेदन पत्र दर्ज किए गए, जो पुनर्वास, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई, राजस्व, विद्युत तथा अन्य विभागों से संबंधित थे।
जनता दरबार के दौरान सीएम हेल्पलाइन और जन समर्पण पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित शिकायतों का समयसीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा जिन शिकायतों का समाधान हो चुका है, उन्हें पोर्टल पर अपडेट भी किया जाए।
मुख्य मामलों पर कार्रवाई
- धनीराम सेमवाल, ग्राम गेंवली (देवल) – घर के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनों को हटाने और विद्युत पोल शिफ्ट करने की मांग पर अधिशासी अभियंता विद्युत को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
- विनिता देवी, ग्राम चाका पिछवाड़ा – पॉली हाउस में सिंचाई की सुविधा हेतु नजदीकी पेयजल स्रोत पर टैंक निर्माण की मांग पर जिला उद्यान अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश।
- दौलत राम कोठारी, ग्राम विरोगी – ओबरी से विरोगी मोटर मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुस्ता के कारण मकान खतरे में होने की शिकायत पर आपदा प्रबंधन अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश।
- फूलन देवी, थाना बेमर नकोट – बरसात में क्षतिग्रस्त मकान संबंधी शिकायत पर नायब तहसीलदार को जांच कर आख्या रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश।
नागरिक मंच एवं अन्य मांग पत्र
जनता मिलन कार्यक्रम में नागरिक मंच ने नई टिहरी शहर में दिन में दो बार पेयजल वितरण व्यवस्था, तथा परिवहन विभाग कार्यालय निर्माण हेतु भूमि उपलब्ध हो जाने के बाद शीघ्र निर्माण की मांग रखी।
सकलाना मरोड़ा क्षेत्र के लोगों द्वारा क्षतिग्रस्त नहरों की मरम्मत की मांग भी दर्ज कराई गई, जिस पर संबंधित विभाग को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में सीडीओ वरुणा अग्रवाल, एडीएम अवधेश कुमार, सीएमओ डॉ. श्याम विजय, डीडीओ मोहम्मद असलम सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
