टिहरी में जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने जनता दरबार में सुनी 33 शिकायतें, मौके पर हुआ समाधान
“4 साल बेमिसाल” कार्यक्रम के दौरान आयोजित जन सुनवाई—सड़क, बिजली और आपदा से जुड़ी समस्याओं पर दिए निर्देश
टिहरी गढ़वाल | दिनांक: 23 मार्च 2026
जनपद टिहरी गढ़वाल में सोमवार को “जन-जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल” कार्यक्रम के दौरान प्रताप इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित जनता मिलन (जनता दरबार) कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने आमजन की समस्याएं सुनीं।
इस जन सुनवाई कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 33 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया।
जनता दरबार में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं सीधे जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। ग्राम पंचायत रिंगालगढ़ सकलाना के पूर्व प्रधान अजय सिंह राणा ने दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त विद्यालय की दीवार निर्माण की मांग उठाई। वहीं ग्राम चांजी तल्ली की निवासी सोहन लता रावत ने अपने निजी खेत से ट्रांसफॉर्मर हटाने की समस्या रखी।
इसके अलावा ग्राम बमराड़ी (थौलधार) के निवासी द्वारा क्षेत्रीय सड़कों की मरम्मत और बस सेवा शुरू करने की मांग भी की गई।
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए और आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि प्रशासन जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और इस प्रकार के जन सुनवाई कार्यक्रमों के माध्यम से समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी अवधेश कुमार, जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय, उपजिलाधिकारी स्नेहिल कुंवर सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
