टिहरी में ‘मिशन आरम्भ’ की समीक्षा बैठक: आंगनवाड़ी केंद्रों में पूर्व प्राथमिक शिक्षा सशक्त बनाने पर डीएम का जोर
कलेक्ट्रेट सभागार में बाल विकास विभाग की बैठक सम्पन्न, उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को सम्मानित करने की घोषणा
टिहरी गढ़वाल, 18 फरवरी 2026।
जनपद टिहरी गढ़वाल के कलेक्ट्रेट सभागार में 17 फरवरी 2026 को बाल विकास विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने की। इस दौरान रॉकेट लर्निंग फाउंडेशन द्वारा संचालित ‘मिशन आरम्भ’ कार्यक्रम के तहत जनपद में संचालित गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में ‘मिशन आरम्भ’ की वरिष्ठ कार्यक्रम प्रबंधक लता कुमारी एवं जिला समन्वयक उमेश बहुगुणा ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बताया कि जनपद के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए पूर्व प्राथमिक शिक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा को मजबूत आधार देने के उद्देश्य से खेल-आधारित एवं तकनीकी माध्यमों से शिक्षण गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि इस पहल से बच्चों को रोचक और सहभागितापूर्ण गतिविधियों के जरिए सीखने का अवसर मिल रहा है, जिससे उनकी भाषा दक्षता, गणितीय समझ, सामाजिक व्यवहार एवं भावनात्मक विकास को बढ़ावा मिल रहा है। साथ ही, सभी आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को ऑफलाइन प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें दक्ष एवं कुशल शिक्षक के रूप में विकसित किया जा रहा है, ताकि केंद्रों पर पोषण के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा भी सुनिश्चित की जा सके।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने ‘मिशन आरम्भ’ कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि प्रारंभिक बाल्यावस्था में दी गई गुणवत्तापूर्ण शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव होती है। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशासन की ओर से सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्याम विजय, बाल विकास अधिकारी संजय गौरव, समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा भाकुनी, अर्थ एवं संख्या अधिकारी साक्षी शर्मा, एआरटीओ सत्येंद्र राज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं।
