टिहरी में राजस्व वसूली में 15.77% की बढ़ोतरी, एडीएम ने विभागों को दिए लक्ष्य प्राप्ति के निर्देश
खनन, विद्युत और परिवहन विभाग ने दिखाई बेहतर प्रगति, नगर निकायों को वार्षिक लक्ष्य तय करने के निर्देश
नई टिहरी, 22 मई 2026, SKS News।
टिहरी गढ़वाल में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए राजस्व वृद्धि को लेकर प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। अपर जिलाधिकारी एवं सदस्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय राजस्व संवर्द्धन एवं अनुश्रवण समिति की मासिक बैठक में विभिन्न विभागों की राजस्व वसूली की समीक्षा की गई।
बैठक में विभागवार राजस्व वसूली के आंकड़ों का विश्लेषण करते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए गए। समीक्षा के दौरान कई विभागों ने गत वर्ष की तुलना में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की।
आबकारी विभाग ने अप्रैल माह में गत वर्ष के 2259 लाख रुपये के मुकाबले 2370 लाख रुपये की वसूली कर 4.89 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की। परिवहन विभाग ने 113.57 लाख रुपये के सापेक्ष 121.58 लाख रुपये की वसूली की। वहीं खनन विभाग ने सबसे अधिक प्रगति करते हुए 355 लाख रुपये के मुकाबले 609 लाख रुपये की वसूली कर 171.54 प्रतिशत की वृद्धि हासिल की।
राज्य कर विभाग ने 826 लाख रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष 824 लाख रुपये की वसूली की, जबकि निबंधन विभाग में 407 लाख रुपये के मुकाबले 370.46 लाख रुपये की वसूली दर्ज की गई, जो पिछले वर्ष की तुलना में 8.99 प्रतिशत कम रही। विद्युत विभाग ने 467.57 लाख रुपये के मुकाबले 700.69 लाख रुपये की वसूली कर 49.86 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की। जिला पंचायत द्वारा भी 17.47 लाख रुपये के मुकाबले 35.64 लाख रुपये की वसूली कर उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।
बैठक में बताया गया कि अप्रैल 2025 की तुलना में अप्रैल 2026 में कुल राजस्व वसूली में 15.77 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। अपर जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को राजस्व बढ़ाने हेतु प्रभावी कार्ययोजना बनाकर लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सभी नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे बोर्ड बैठक आयोजित कर वार्षिक लक्ष्य निर्धारित करें तथा मासिक और वार्षिक राजस्व वसूली में वृद्धि सुनिश्चित करें।
बैठक में जिला आबकारी अधिकारी के.पी. सिंह, जिला खान अधिकारी रवि सिंह नेगी, उप निबंधक प्रतीक पुण्डीर, सहायक आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन प्रमोद सिंह रावत, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी राजेन्द्र विटारिया, जिला पंचायत कार्याधिकारी एस.एस. कठैत, सहायक अभियंता जल संस्थान राजीव महर, उप खंड अधिकारी विद्युत रूपक आर्य, उपनिबंधक देवप्रयाग सतीश चन्द्र पोखरियाल, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका टिहरी वासुदेव डंगवाल, निरीक्षक वाट मापक प्रदीप रतूड़ी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं समस्त नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिकारियों ने ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में प्रतिभाग किया।
