देहरादून में ब्रह्नकमल शक्ति संस्था का भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह, 289 मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित
अभिनव थापर बोले — “मेधावी युवा ही समाज, प्रदेश और राष्ट्रनिर्माण का भविष्य”
देहरादून, 22 मई 2026, SKS News।
देहरादून के प्रेमनगर स्थित डी.ए.वी. इंटर कॉलेज में ब्रह्नकमल शक्ति संस्था द्वारा आयोजित “प्रतिभा सम्मान समारोह” उत्साह, प्रेरणा और गौरव का प्रतीक बन गया। कार्यक्रम में वर्ष 2026 में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ विधिवत रूप से किया गया। इस अवसर पर कौलागढ़, प्रेमनगर, पण्डितवाड़ी, बल्लूपुर एवं कैंट क्षेत्र के पांच विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों, गुरुजनों एवं प्रधानाचार्यों को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कुल 289 छात्र-छात्राओं, 180 अभिभावकों तथा 27 गुरुजनों एवं प्रधानाचार्यों को सम्मानित किया गया, जिससे पूरा सभागार उत्साह और गर्व से गूंज उठा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था के अध्यक्ष अभिनव थापर ने कहा कि शिक्षा केवल व्यक्तिगत सफलता का माध्यम नहीं, बल्कि एक सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र की नींव है। उन्होंने कहा कि आज के मेधावी युवा ही आने वाले समय में उत्तराखंड और देश की दिशा एवं दशा तय करेंगे।
उन्होंने कहा, “मेधावी युवाओं को प्रोत्साहित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान उन्हें नई ऊर्जा और आत्मविश्वास प्रदान करता है।” अभिनव थापर ने विद्यार्थियों से अनुशासन, सकारात्मक सोच और निरंतर मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान भी किया।
समारोह में खण्ड विकास अधिकारी कुंदन सिंह, प्रधानाचार्य विजय सिंह राजपूत, संस्था उपाध्यक्ष अमिता आहूजा, शालिनी कुड़ियाल, शिवानी पेटवाल (प्रधानाचार्य–HKGGIC कौलागढ़), पूनम नेगी (प्रधानाचार्य–गोरखा मिलिटरी इंटर कॉलेज), अनीता जोशी (प्रधानाचार्य–भवानी बालिका इंटर कॉलेज, बल्लूपुर), डी.ए.वी. प्रेमनगर विद्यालय के 1969 बैच के पूर्व छात्र अर्जुन कोहली, अवदेश कुमार एवं मोहित ग्रोवर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं संस्था के सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे।
यह समारोह शिक्षा, प्रतिभा और युवा शक्ति को सम्मान देने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल के रूप में देखा जा रहा है।
