टिहरी में विद्यालयी शिक्षा विभाग की द्वितीय समीक्षा बैठक सम्पन्न
टिहरी, 15 अप्रैल 2025।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में मंगलवार को विद्यालयी शिक्षा विभाग की वर्ष 2025-26 की द्वितीय समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में सभी खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) से विद्यालयों के रजिस्ट्रीकरण, अध्यापकों के समायोजन, विद्यालयों के एकीकरण एवं विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी बीईओ अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों का भौतिक निरीक्षण कर निरीक्षण रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करें ताकि आगामी योजनाओं की प्रभावी रूपरेखा तैयार की जा सके। उन्होंने कहा कि रजिस्ट्रीकरण की प्रक्रिया में आ रही बाधाओं को दूर करने हेतु संबंधित एसडीएम व तहसीलदारों के साथ समन्वय स्थापित किया जाए। जिन विद्यालयों की रजिस्ट्री प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है, उनके नामांतरण की प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी की जाए।
बैठक में स्कूल बस सुविधा, फर्नीचर की आपूर्ति और कुकिंग गैस की डिमांड को लेकर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने मानकों के अनुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
मुख्य शिक्षा अधिकारी एस.पी. सेमवाल ने पीएम पोषण योजना, निपुण भारत, समग्र शिक्षा अभियान, पीएम श्री स्कूल, जिला व राज्य सेक्टर और खनन न्यास द्वारा विकसित विद्यालयों की स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अध्यापकों के समायोजन हेतु प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं और नरेंद्रनगर में केन्द्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए प्रस्ताव उच्च स्तर पर भेज दिया गया है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, परियोजना निदेशक डीआरडीए पी.एस. चौहान सहित सभी बीईओ उपस्थित रहे।
स्कूल बस सुविधा,
उत्तराखंड शिक्षा समाचार,
