टिहरी में 15 जून से शुरू होगा वित्तीय समावेशन महाअभियान, पीएम बीमा और अटल पेंशन योजना से जोड़ने को लगेंगे विशेष शिविर
टिहरी में 15 जून से शुरू होगा वित्तीय समावेशन महाअभियान, पीएम बीमा और अटल पेंशन योजना से जोड़ने को लगेंगे विशेष शिविर
15 जून से 15 जुलाई तक 1049 ग्राम पंचायतों में चलाया जाएगा ‘वन मंथ सैचुरेशन कैंपेन’, पहले दिन 55 स्थानों पर लगेंगे कैंप
टिहरी गढ़वाल, 12 जून 2026 | SKS News
जनपद टिहरी गढ़वाल में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY), प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), अटल पेंशन योजना (APY), प्रधानमंत्री जनधन योजना (PMJDY) एवं अन्य वित्तीय समावेशन योजनाओं से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के उद्देश्य से विशेष वित्तीय जागरूकता एवं लाभार्थी संतृप्ति अभियान संचालित किया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक एवं विभिन्न बैंकों के नियंत्रकों ने भाग लिया। बैठक में वित्तीय समावेशन अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने की रणनीति पर चर्चा की गई।
जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक ने बताया कि Department of Financial Services (DFS) के निर्देशानुसार जनपद की सभी 1049 ग्राम पंचायतों में 15 जून 2026 से 15 जुलाई 2026 तक “One Month Saturation Campaign” चलाया जाएगा।
अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, री-केवाईसी (Re-KYC) तथा अन्य बैंकिंग सेवाओं से जोड़ना है।
बैठक में जानकारी दी गई कि अभियान के पहले दिन 15 जून 2026 को जिलेभर में विभिन्न बैंकों द्वारा रोस्टर के अनुसार 55 विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए बैंकवार, शाखावार एवं तिथि अनुसार विस्तृत रोस्टर तैयार कर सभी बैंक नियंत्रकों को उपलब्ध करा दिया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने सभी बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित रोस्टर के अनुसार सभी शिविरों का अनिवार्य रूप से आयोजन सुनिश्चित किया जाए तथा अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए।
उन्होंने कहा कि वित्तीय समावेशन योजनाएं समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं और इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
