मोदी सरकार क 12 साल पूरा होंण पर सुबोध उनियाल न करी मीडिया वालौं सि छुईं बात
बोलि जनविश्वास अर सेवा भाव सि सशक्त ह्वे नयुँ भारत
नरेंद्रनगर, टिहरी गढ़वाल, 12 जून 2026 | SKS News
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नरेंद्रनगर में आयोजित प्रेस वार्ता में उत्तराखंड के स्वास्थ्य, वन, भाषा एवं निर्वाचन मंत्री सुबोध उनियाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं।
मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि वर्ष 2014 से देशवासियों ने लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास जताया है। यही कारण है कि आज राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) देश के 22 राज्यों में जनता की सेवा कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने तीसरी बार शपथ लेने के बाद सबसे पहले पीएम किसान सम्मान निधि की फाइल पर हस्ताक्षर कर किसानों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की भावना के साथ केंद्र सरकार ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने दावा किया कि पिछले वर्षों में लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं तथा प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) व्यवस्था के माध्यम से लाखों करोड़ रुपये की राशि गलत हाथों में जाने से बचाई गई है।
जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत करोड़ों बैंक खाते खोले गए हैं, जिनमें बड़ी संख्या महिलाओं की है। आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं ने आम नागरिकों के जीवन स्तर में व्यापक सुधार किया है।
उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा व्यवस्था पहले की अपेक्षा अधिक सशक्त हुई है तथा सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक ने दुनिया को नए भारत की शक्ति का परिचय कराया है। किसानों के लिए पीएम किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड योजना तथा सूक्ष्म सिंचाई परियोजनाओं ने कृषि क्षेत्र को नई दिशा प्रदान की है।
महिला सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना, सुकन्या समृद्धि योजना और विभिन्न स्वरोजगार कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया गया है।
उत्तराखंड की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना के तहत लाखों नागरिकों को कैशलेस उपचार का लाभ मिला है। वहीं ऑल वेदर रोड परियोजना ने चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष केवल एक कार्यकाल नहीं, बल्कि सेवा, सुशासन, विकास और जनविश्वास का एक युग हैं, जिसने भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है।
इस अवसर पर नरेंद्रनगर नगर पालिका के नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पवार, भाजपा जिला अध्यक्ष उदय रावत, भाजपा मीडिया प्रभारी राजेंद्र डोभाल, पूर्व प्रमुख चंबा शिवानी बिष्ट सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
