टीबी मुक्त भारत अभियान को लक्ष्यबद्ध ढंग से सफल बनाएं: जिलाधिकारी
टीबी स्क्रीनिंग अभियान की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, अब तक लगभग 37 हजार लोगों की हुई जांच
नई टिहरी, 21 जुलाई 2026 | SKS News
जनपद टिहरी गढ़वाल में टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बृजेश डोभाल ने जानकारी दी कि पिछली समीक्षा बैठक में जिन क्षेत्रों में टीबी स्क्रीनिंग शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए थे, उनमें अधिकांश स्थानों पर शिविर सफलतापूर्वक आयोजित कर कार्य पूरा कर लिया गया है। शेष स्थानों पर भी आगामी दो दिनों के भीतर शिविर आयोजित कर अभियान पूर्ण कर लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मार्च माह के अंतिम सप्ताह से जनपद में लगातार टीबी स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें एक्स-रे एवं अन्य आवश्यक जांच की जा रही है। अब तक जनपद में लगभग 37 हजार लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की जा चुकी है तथा शेष लक्ष्य को शीघ्र पूरा करने की दिशा में अभियान तेजी से संचालित किया जा रहा है।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने निर्देश दिए कि पूर्व में आयोजित शिविरों के बाद आवश्यकता पड़ने पर संबंधित क्षेत्रों में पुनः स्क्रीनिंग शिविर लगाए जाएं, ताकि कोई भी संभावित टीबी मरीज जांच से वंचित न रह जाए। उन्होंने अधिकारियों से अभियान में और अधिक तेजी लाते हुए निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध एवं शत-प्रतिशत पूरा करने को कहा।
उन्होंने सभी विकासखंडों के नोडल अधिकारियों एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ चिन्हित क्षेत्रों में टीबी स्क्रीनिंग अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक जांच सुविधा पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. डी.के. शर्मा, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. सुभाष चन्द्र, जिला सेवायोजन अधिकारी लक्ष्मी यादव, डीएसटीओ साक्षी शर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा भाकुनी सहित सभी विकासखंडों के नोडल अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा खंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
