आंगनवाड़ी व स्कूलों में 1098 पोस्टर, नियमित काउंसिलिंग और आवासीय विद्यालयों के निरीक्षण के निर्देश
टिहरी | 01 जनवरी 2026
जिला कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में बुधवार को जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जिला बाल कल्याण समिति की त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने किशोर न्याय अधिनियम के अंतर्गत समिति द्वारा त्रैमास में की गई गतिविधियों, स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए गए स्वास्थ्य परीक्षण सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी आंगनवाड़ी केंद्रों एवं विद्यालयों में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के पोस्टर अनिवार्य रूप से चस्पा करने तथा बच्चों की नियमित काउंसिलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने समिति के सदस्यों को सभी आवासीय विद्यालयों, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों एवं बाल देख-रेख से संबंधित संस्थाओं का नियमित निरीक्षण करने को कहा। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को अगली बैठक में आरबीएस टीम द्वारा की गई विजिट रिपोर्ट का प्रस्तुतीकरण करने के निर्देश दिए।
शिक्षा विभाग को आवासीय विद्यालय अखोड़ी में बच्चों के लिए बैड, बिस्तर आदि की व्यवस्था हेतु प्रस्ताव उपलब्ध कराने, पुलिस विभाग को विभिन्न विकासखंडों में बाल संरक्षण से संबंधित जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने तथा बाल विकास विभाग को स्पॉन्सरशिप योजना के तहत बजट उपलब्ध कराने के लिए शासन को पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिए गए।
जिला बाल विकास अधिकारी संजय गौरव ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के अंतर्गत जनपद में 692 बच्चे लाभान्वित हो रहे हैं। जिलाधिकारी विवेकाधीन कोष से 15 अनाथ बच्चों को माह नवंबर एवं दिसंबर की निर्धारित धनराशि प्रदान की जा चुकी है। वहीं 81 बच्चों के अनाथ प्रमाण पत्र बनाए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि स्पॉन्सरशिप योजना के अंतर्गत 198 बच्चे पंजीकृत हैं, हालांकि वर्तमान में बजट उपलब्ध नहीं हुआ है। स्वावलंबी स्वयं सहायता समूह दिखोलगांव, चंबा द्वारा जनपद की 960 गंभीर एनीमिया एवं 219 सामान्य एनीमिक महिलाओं को 2228 किलोग्राम आयरन लड्डू तथा 19 किलोग्राम आंवला कैंडी आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से वितरित की गई। खनिज न्यास से आवंटित 09 लाख रुपये में से 08 लाख 46 हजार 725 रुपये की धनराशि व्यय की जा चुकी है।
बैठक में जिला बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष द्वारा निरीक्षण हेतु वाहन व्यवस्था की मांग रखी गई। साथ ही प्राइवेट स्कूलों में भी बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा अखोड़ी आवासीय विद्यालय में बच्चों के लिए बैड एवं बिस्तर उपलब्ध कराने की मांग की गई।
बैठक में एसीएमओ जितेंद्र भंडारी, अध्यक्ष जिला बाल कल्याण समिति ऋषि कुमार, श्रम अधिकारी आयशा, ओसीएस रश्मि बिष्ट, डीसीपीओ विनीता उनियाल, पुलिस विभाग से हेमलता, समिति सदस्य निवेदिता, परशुराम डोभाल, सोबन सिंह रावत सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
