डायट भवन में अस्थायी संचालन, अतिरिक्त कक्ष तैयार करने व विद्युत लाइन शिफ्ट करने के निर्देश
टिहरी | 06 जनवरी 2026
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने मंगलवार को जाखणीधार ब्लॉक क्षेत्रांतर्गत मदननेगी में केंद्रीय विद्यालय (केवी) के संचालन को लेकर स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अवगत कराया गया कि मदननेगी में केंद्रीय विद्यालय के लिए प्रस्तावित भूमि पर स्थायी भवन निर्माण होने तक, स्कूल के संचालन हेतु पूर्व में संचालित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के भवन को वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में तैयार किया गया है।
इस अवसर पर राजेश नौटियाल, ब्लॉक प्रमुख जाखणीधार द्वारा विद्यालय प्रबंधन से हुई वार्ता के आधार पर बताया गया कि स्कूल संचालन के लिए डायट के आवासीय भवन में चार अतिरिक्त कक्षों को दुरुस्त करने, परिसर में लगे ट्रांसफार्मर को हटाने तथा विद्युत लाइन शिफ्ट करने की आवश्यकता है।
इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्रीय विद्यालय के स्थायी भवन निर्माण हेतु भूमि चिन्हित कर ली गई है तथा इस संबंध में अग्रिम कार्यवाही प्रगति पर है।
निरीक्षण के दौरान अंकित राज (एसडीएम प्रतापनगर) सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
