तीन दिवसीय श्रीनगर दौरे पर रहेंगे कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, करेंगे विकास योजनाओं का लोकार्पण
विद्यालय भवनों, प्रयोगशालाओं और मोटर मार्गों का करेंगे उद्घाटन, जनसम्पर्क कर सुनेंगे क्षेत्रवासियों की समस्याएं
देहरादून, 21 मई 2026 | SKS News।
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत आगामी 22 से 24 मई तक अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे श्रीनगर नगर क्षेत्र सहित आसपास के गांवों में विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे। साथ ही विभिन्न जनसभाओं एवं जनसम्पर्क कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर आमजन की समस्याएं सुनेंगे और सुझाव प्राप्त करेंगे।
डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के समग्र एवं चहुंमुखी विकास के लिए वे निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, पर्यटन एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है।
22 मई को होंगे कई विकास कार्यों के लोकार्पण
डॉ. रावत 22 मई को श्रीनगर स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंदन एवं नगर पालिका के नव निर्मित भवन का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही अतिरिक्त कक्षा-कक्ष एवं शौचालय निर्माण कार्यों का शिलान्यास भी करेंगे।
वह राजकीय हाईस्कूल श्रीकोट-गंगानाली के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण तथा विज्ञान प्रयोगशाला का शिलान्यास करेंगे।
इसके बाद डॉ. रावत बार एसोसिएशन श्रीनगर के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे तथा गंगा विहार, भागीरथीपुरम और उत्तम विहार (मिस्त्री मोहल्ला) क्षेत्रों में जनसम्पर्क कर आम लोगों से संवाद स्थापित करेंगे।
अटल टिंकरिंग लैब और मोटर मार्गों का होगा शुभारंभ
शनिवार को डॉ. रावत राजकीय इंटर कॉलेज श्रीनगर में पर्सनलाइज्ड एडैप्टिव लर्निंग लैब एवं अटल टिंकरिंग लैब का शुभारंभ करेंगे।
इसके बाद कोल्ठा में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए खिर्सू-श्रीनगर मोटर मार्ग से कोल्ठा गांव तक स्वीकृत मोटर मार्ग निर्माण कार्यों का शिलान्यास करेंगे।
मरखोड़ा में वे राजकीय इंटर कॉलेज की इंटरलॉकिंग टाइल्स मार्ग, सौंदर्यीकरण एवं स्वच्छता अभियान के तहत निर्मित शौचालयों का लोकार्पण करेंगे।
देवलगढ़ और चकवाली में भी करेंगे लोकार्पण
डॉ. धन सिंह रावत देवलगढ़ में राजस्व चौकी के मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण कार्यों तथा देवलगढ़-चमधार मोटर मार्ग से अम्बेडकर गांव चौखाल तक मोटर मार्ग निर्माण कार्यों का लोकार्पण करेंगे।
चकवाली में वे फरासू-मन्दोली-चकवाली मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्यों का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद कंसमर्दिनीसैण, तिवारी, ट्रेजरी मोहल्ला एवं गणेश बाजार क्षेत्रों में जनसम्पर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
रविवार को विभिन्न संगठनों के साथ बैठकें
रविवार को डॉ. रावत श्रीनगर में अवकाश प्राप्त कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके अलावा वे खिर्सू क्षेत्र के ग्राम प्रहरियों एवं टैक्सी एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ भी संवाद करेंगे।
