तुंगोली में लगा फार्मर रजिस्ट्री शिविर, 38 किसानों का सफल पंजीकरण
सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए फार्मर रजिस्ट्री जरूरी, किसानों से पंजीकरण कराने की अपील
नकोट, टिहरी, 25 मई 2026, SKS News।
टिहरी जिले में चलाए जा रहे सघन फार्मर रजिस्ट्री पंजीकरण अभियान के अंतर्गत मखलोगी प्रखंड के तुंगोली प्राथमिक विद्यालय में विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्राम पंचायत तुंगोली के 38 किसानों का सफलतापूर्वक फार्मर रजिस्ट्री पंजीकरण किया गया।
शिविर के दौरान कृषि विभाग एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों ने किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के महत्व और उससे मिलने वाले सरकारी लाभों की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों को कृषि योजनाओं, अनुदान, बीज, उपकरण सहायता एवं अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से प्राप्त हो सकेगा।
कार्यक्रम में सहायक कृषि अधिकारी भगीरथ जोशी, राजस्व उप निरीक्षक कोठी-नकोट क्षेत्र रमेश नौटियाल तथा अंशुमन उरंग उपस्थित रहे। अधिकारियों ने किसानों को रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों और तकनीकी प्रक्रिया की भी जानकारी दी।
प्रशासन ने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील करते हुए कहा कि यह प्रक्रिया भविष्य में सरकारी योजनाओं के लाभ प्राप्त करने के लिए अत्यंत आवश्यक साबित होगी। प्रशासन एवं कृषि विभाग की ओर से क्षेत्र के किसानों को बताया गया कि जो किसान किसी कारणवश शिविर में शामिल नहीं हो सके हैं, वे निकटवर्ती सीएससी सेंटर ‘अनुराग कम्प्यूटर्स कॉलेज रोड नकोट’ (Mob. 7455813001) में जाकर अपनी फार्मर रजिस्ट्री करवा सकते हैं। इसके लिए किसानों को आधार कार्ड, आधार लिंक्ड मोबाइल नंबर तथा खतौनी साथ लाना अनिवार्य होगा।
