भव्य राम बारात के साथ सजी नई टिहरी की रामलीला, स्वयंवर और वनवास प्रसंग ने नम कीं आंखें
राम-सीता स्वयंवर की भव्य प्रस्तुति और वनवास प्रसंग की मार्मिकता ने दर्शकों को किया भावविभोर
नई टिहरी, 25 मई 2026, SKS News।
नई टिहरी में आयोजित रामलीला महोत्सव के चतुर्थ दिवस का मंचन रविवार को भव्य राम बारात के साथ श्रद्धा, उल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के बीच संपन्न हुआ। भगवान श्रीराम और माता सीता के स्वयंवर प्रसंग की आकर्षक प्रस्तुति ने जहां दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, वहीं कैकई द्वारा वनवास मांगने और श्रीराम द्वारा माता सीता को वनवास की सूचना देने का भावुक दृश्य लोगों की आंखें नम कर गया।
राम बारात के दौरान पूरा क्षेत्र जय श्रीराम के उद्घोषों से गूंज उठा। पारंपरिक वेशभूषा, धार्मिक संगीत और सजीव अभिनय के बीच स्वयंवर प्रसंग को अत्यंत भव्यता के साथ प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने भगवान राम द्वारा शिव धनुष भंग और माता सीता के जयमाल प्रसंग को जीवंत रूप देकर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।
इसके बाद मंचित वनवास प्रसंग ने पूरे वातावरण को भावुक बना दिया। कैकई द्वारा राजा दशरथ से वरदान मांगने और श्रीराम के वनवास जाने की घोषणा के दौरान कलाकारों की संवाद अदायगी और अभिनय ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। मंचन के दौरान कई दर्शकों की आंखें नम दिखाई दीं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष उदय रावत उपस्थित रहे। उन्होंने रामलीला समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आदर्शों और नैतिक मूल्यों को जीवित रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सुमन सजवान, अरविंद सिंह सजवान, जगदम्बा रतूड़ी, रविंदर राणा, ए.पी. बाजपेई, डी.एस. चौहान, अवधेश गुप्ता, ममता उनियाल, लता पांडे तथा सुमन कुमार उपस्थित रहे। रामलीला समिति के अध्यक्ष देवेंद्र नौडियाल एवं समिति पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।
इस अवसर पर संयोजक देश भूषण गोदियाल, संरक्षक एवं संचालक सतीश थपलियाल, कमल सिंह महर, महावीर उनियाल, देशभूषण जोशी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राकेश लांबा, उपाध्यक्ष भगवान चंद रमोला, महासचिव अमित पंत, निर्देशक अनुराग पंत सहित समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। रामलीला महोत्सव में क्षेत्रवासियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन को और अधिक भव्य एवं सफल बना दिया।
