सीएम घोषणा के तहत मंदिर परिसर में सौंदर्यीकरण कार्यों की तैयारियाँ तेज, प्रथम चरण के लिए जल्द होंगे टेंडर
टिहरी/10 मई 2025।
जिलाधिकारी टिहरी मयूर दीक्षित ने शनिवार को विकासखंड थौलधार क्षेत्र के कांगुड़ा मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत कांगुड़ा मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए पर्यटन विभाग द्वारा सौंदर्यीकरण कार्य किए जाने हैं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में प्रस्तावित कार्यों की विस्तृत जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने प्रथम चरण के कार्यों के टेंडर शीघ्र लगाने के निर्देश दिए ताकि द्वितीय चरण के लिए वित्तीय स्वीकृति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।
जिला पर्यटन एवं विकास अधिकारी एस. एस. राणा ने बताया कि प्रथम चरण के लिए कार्य योजना बनाकर उच्च स्तर पर भेज दी गई है। इस चरण में मंदिर गेट, पैदल रास्ता, रैन शेड, ट्रैक रूट, मचान, धर्मशाला और शौचालय आदि का निर्माण किया जाना है।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार, थौलधार ब्लॉक प्रमुख, ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिकारी, ग्राम प्रधान मुलायम सिंह सहित स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
