देवप्रयाग में गूंजा ‘भारत माता की जय’, निकली भव्य तिरंगा बाइक रैली
नगर पालिका कर्मचारियों और राजकीय महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा, राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंजा देवप्रयाग नगर
देवप्रयाग। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत नगर पालिका परिषद देवप्रयाग के कर्मचारियों एवं राजकीय महाविद्यालय देवप्रयाग के छात्र-छात्राओं द्वारा नगर में भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली के दौरान नगर में देशभक्ति का माहौल नजर आया और ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
नगर पालिका परिषद देवप्रयाग के कर्मचारियों ने तहसील कार्यालय परिसर से पेट्रोल पंप तक तिरंगा बाइक रैली निकाली। प्रतिभागियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
छात्र-छात्राओं ने भी बढ़ाया उत्साह
तिरंगा रैली में राजकीय महाविद्यालय देवप्रयाग के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रैली के माध्यम से लोगों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
रैली में तहसीलदार देवप्रयाग, राजकीय महाविद्यालय देवप्रयाग के प्राचार्य सहित नगर पालिका परिषद के कर्मचारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद देवप्रयाग से सुरेश पंत, मनीष भट्ट, अनूप कुमार, राजेंद्र कुमार, इंद्र दत्त रतूड़ी, रमेश, गौतम आदि ने रैली में सहभागिता की।
तिरंगा रैली ने नगरवासियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
