देवप्रयाग में मानवता की मिसाल: तीन दिन से चट्टानों के बीच फंसी गाय का सफल रेस्क्यू
नगर पालिका के पर्यावरण मित्रों और गौशाला कर्मचारियों के अथक प्रयास से बची गौमाता की जान, सुरक्षित गौशाला पहुंचाया गया
देवप्रयाग, 11 जून 2026 | SKS News
देवप्रयाग में मानवता और पशु प्रेम का एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है। देवप्रयाग बेली ब्रिज के नीचे नदी किनारे खड़ी चट्टानों के बीच पिछले तीन दिनों से फंसी एक निराश्रित गाय को नगर पालिका परिषद देवप्रयाग के पर्यावरण मित्रों एवं गौशाला कर्मचारियों के संयुक्त प्रयासों से सुरक्षित बचा लिया गया।
जानकारी के अनुसार उक्त गौवंश गहरी खाई में नदी किनारे स्थित खतरनाक चट्टानों के बीच फंस गया था। गौशाला के कर्मचारियों ने प्रारंभिक स्तर पर उसे निकालने का प्रयास किया, लेकिन दुर्गम परिस्थितियों के कारण सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद नगर पालिका परिषद देवप्रयाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही नगर पालिका के पर्यावरण मित्रों ने मौके पर पहुंचकर साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए अपनी जान जोखिम में डालकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद गाय को सुरक्षित बाहर निकाला गया और नदी पार करवाकर अरण्यक जन सेवा संस्था द्वारा संचालित गौशाला में पहुंचाया गया, जहां उसकी देखभाल की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने नगर पालिका कर्मचारियों एवं गौशाला कर्मियों के इस मानवीय कार्य की सराहना करते हुए कहा कि यह पशु संरक्षण और सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है।
गौवंश के बचाव अभियान में रोहित कुमार, मोहन कुमार, उमेश, सुदीप तथा गौशाला से दिनेश और राजेश सहित अन्य सहयोगियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यह सफल रेस्क्यू अभियान न केवल पशु संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है, बल्कि यह भी साबित करता है कि सामूहिक प्रयास और सेवा भाव से किसी भी जीव की जान बचाई जा सकती है।
