नवाकोट में कृषक गोष्ठी आयोजित, किसानों को मिली कृषि योजनाओं, फसल बीमा और प्राकृतिक खेती की विस्तृत जानकारी
‘खेत बचाओ अभियान 2026’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में विधायक किशोर उपाध्याय ने किसानों से विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने का किया आह्वान
जाखणीधार, टिहरी गढ़वाल, 11 जून 2026 | SKS News
“खेत बचाओ अभियान 2026” के अंतर्गत विकासखंड जाखणीधार की न्याय पंचायत कुमारधार के ग्राम वाड नवाकोट में प्रधान यशोदा रतूड़ी की अध्यक्षता में कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय मुख्य अतिथि तथा भगवती प्रसाद रतूड़ी (पूर्व प्रधान) एवं उर्मिला देवी (क्षेत्र पंचायत सदस्य) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन सहायक कृषि अधिकारी राजेश कुमार द्वारा किया गया। उन्होंने उपस्थित किसानों को कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, फसल बीमा योजना तथा फार्मर रजिस्ट्री के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। वहीं सहायक कृषि अधिकारी सुनीता शाह ने विभागीय योजनाओं का विस्तृत विवरण देते हुए किसानों को अधिकाधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी नई टिहरी पवन कुमार काला ने किसानों को संतुलित उर्वरकों के प्रयोग, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने तथा प्राकृतिक खेती को अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती न केवल उत्पादन लागत को कम करती है बल्कि भूमि की गुणवत्ता को भी लंबे समय तक सुरक्षित रखती है।
वानिकी महाविद्यालय रानीचौरी की वैज्ञानिक डॉ. रीना जोशी एवं डॉ. पंकज कुमार ने किसानों को प्राकृतिक खेती और जैविक कृषि के महत्व के बारे में जानकारी दी तथा रासायनिक खेती के विकल्पों पर प्रकाश डाला।
कृषि विज्ञान केंद्र रानीचौरी के वैज्ञानिक डॉ. आलोक येवले ने किसानों को मिट्टी परीक्षण कराने, संतुलित उर्वरकों के उपयोग तथा जैविक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने की सलाह देते हुए वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों के लाभ बताए।
भारतीय स्टेट बैंक से संजीव नेगी एवं ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) के प्रतिनिधियों ने ग्रामीण स्वरोजगार एवं आयवर्धन गतिविधियों से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। वहीं चेमा इंश्योरेंस की प्रतिनिधि गीता उनियाल ने किसानों को फसल बीमा योजना के लाभों एवं प्रक्रिया से अवगत कराया।
इस अवसर पर कृषि विभाग के अंकुर कुमार, शिखा विश्वास, शीतल राणा एवं कु. मीनू सहित अन्य अधिकारियों ने भी विभागीय योजनाओं एवं कृषि विकास कार्यक्रमों पर अपने विचार व्यक्त किए।
गोष्ठी के समापन अवसर पर विधायक किशोर उपाध्याय ने किसानों से पारंपरिक खेती को बढ़ावा देने के साथ-साथ नींबू प्रजाति के फलदार पौधों का रोपण कर आय बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में बागवानी एवं प्राकृतिक खेती किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने का प्रभावी माध्यम बन सकती है। साथ ही उन्होंने किसानों से कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
अंत में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं किसानों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।
