विधायक किशोर उपाध्याय व जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पूजा-अर्चना कर किया कार्य का शुभारंभ, ₹184.92 लाख की लागत से होगा सौंदर्यीकरण
नई टिहरी/16 मई, 2025:
नई टिहरी स्थित ऐतिहासिक श्री देव सुमन पार्क के जीर्णोद्धार कार्यों का शुक्रवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय और जिलाधिकारी टिहरी मयूर दीक्षित ने पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का आरंभ किया। यह कार्य जिला विकास प्राधिकरण टिहरी के तत्वावधान में भारतीय कॉपरेटिव ग्रामीण विकास एवं निर्माण लिमिटेड, उत्तराखंड द्वारा किया जा रहा है, जिसकी अनुमानित लागत ₹184.92 लाख है।
नई टिहरी को विश्व पर्यटन मानचित्र पर लाने के उद्देश्य से यह महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। विधायक उपाध्याय ने कार्यदायी संस्था को वास्तु विशेषज्ञ से प्लान की जांच कराने और सकारात्मक सोच के साथ शहर को आगे बढ़ाने की बात कही।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि सुमन पार्क का जीर्णोद्धार स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ पर्यटकों को भी आधुनिक सुविधाएं प्रदान करेगा। उन्होंने कार्यदायी संस्था को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी बताया कि नई टिहरी को आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने हेतु फसाड डिज़ाइन की डीपीआर तैयार हो चुकी है, जिसे जल्द ही शासन को प्रस्तुत किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, नई टिहरी में शहीद स्मारक का पुनरुद्धार, डाइजर व बौराड़ी क्षेत्रों में टीएचडीसी द्वारा विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं। बौराड़ी व नई टिहरी में पैदल पथ और ई-रिक्शा संचालन की योजना भी विचाराधीन है। साथ ही टिहरी झील के आसपास रिंग रोड, आईएसबीटी और रोपवे जैसी परियोजनाएं भी प्रगति पर हैं।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, नगर पालिका अध्यक्ष मोहन रावत, मंडल अध्यक्ष, स्थानीय व्यापारीगण और पत्रकारगण उपस्थित रहे।
