भारी भीड़ के बीच महिलाओं ने की खरीदारी, बच्चों ने झूलों और स्वादिष्ट व्यंजनों का लिया मजा, पुलिस प्रशासन की सतर्कता से शांतिपूर्ण रहा आयोजन।
नकोट, टिहरी।
ग्रामीण कस्बा नकोट का बहुप्रतीक्षित वार्षिक मेला इस वर्ष भी धूमधाम और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। बैसाख मास की 14 प्रविष्टा को प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले इस मेले में इस बार भी खासी भीड़ देखने को मिली।
मेले में बच्चों और महिलाओं ने जलेबी, पकोड़ी, गोलगप्पे, समोसे, छोले-परांठे और आइसक्रीम जैसे स्वादिष्ट व्यंजनों का खूब आनंद लिया। महिलाओं ने चूड़ियाँ, बिंदियाँ और अन्य रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की जमकर खरीदारी की।
बाहर के व्यापारियों के नहीं आने से स्थानीय व्यापारियों जैसे अनु तड़ियाल, अमरदेव उनियाल, पूरण सिंह गरख्वाल, विक्रम नेगी, अनिल नेगी आदि ने जलेबी-पकोड़ी के स्टॉल लगाकर मेले में खूब व्यापार किया।
मेले में चर्खियां, झूले, नाक-कान छिदवाने तथा अंगों पर नाम लिखवाने के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे।
थाना चंबा से पहुंचे एसआई राकेश राणा, हेड कांस्टेबल मनोज बलोदी, ग्राम प्रहरी संजय चौहान, सुरेश सिंह और रमेश की सतर्कता से मेले में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रही। पुलिस, स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों के सहयोग से मेला शांति और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ।

