नरेंद्रनगर विधानसभा में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का अपर आयुक्त ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्यवाही के निर्देश
गढ़वाल मंडल के अपर आयुक्त उत्तम सिंह चौहान ने समीक्षा बैठक, राजनीतिक दलों के साथ संवाद और मतदेय स्थलों का किया निरीक्षण
टिहरी गढ़वाल, 31 जुलाई 2026।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के अंतर्गत गढ़वाल मंडल के अपर आयुक्त उत्तम सिंह चौहान ने शुक्रवार को जनपद टिहरी गढ़वाल के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-11 नरेंद्रनगर का भ्रमण कर अभियान की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने समीक्षा बैठक आयोजित कर अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में अभियान की प्रगति का लिया जायजा
भ्रमण के दौरान आयोजित समीक्षा बैठक में जनपद के सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) ने प्रतिभाग किया।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत अब तक किए गए कार्यों, प्राप्त उपलब्धियों एवं आगामी कार्ययोजना का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। अपर आयुक्त ने अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा का पूर्ण पालन करते हुए प्रत्येक कार्य पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ संपन्न किया जाए।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी की चर्चा
समीक्षा बैठक के उपरांत अपर आयुक्त ने जनपद के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित करने में राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सुझाव भी प्राप्त किए तथा अभियान को अधिक प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श किया।
चार मतदेय स्थलों का किया स्थलीय निरीक्षण
बैठक के बाद अपर आयुक्त उत्तम सिंह चौहान, उप जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी एवं उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल ने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-11 नरेंद्रनगर के अंतर्गत चार मतदेय स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) से मतदाता सत्यापन, प्रपत्रों के वितरण एवं प्राप्ति सहित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंचे बीएलओ
अपर आयुक्त ने बीएलओ को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करें तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करें।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है, इसलिए अभियान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
अधिकारी एवं राजनीतिक प्रतिनिधि रहे उपस्थित
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विजय तिवारी, उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल, तहसीलदार नरेंद्रनगर विनोद तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
