नागनाथ पोखरी चमोली महाविद्यालय में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
एनएसएस इकाई एवं एंटी ड्रग्स सेल की पहल, विद्यार्थियों को दिलाई गई नशा मुक्ति की शपथ
नागनाथ पोखरी (चमोली), SKS News।
हि.क.चं.ब. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नागनाथ पोखरी, जनपद चमोली की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई एवं एंटी ड्रग्स सेल के संयुक्त तत्वावधान में “नशा मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें स्वस्थ, सकारात्मक एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. रीता शर्मा द्वारा विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाकर किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए घातक है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, संस्कार और सकारात्मक सोच के माध्यम से अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर छात्र भरत ने “नशा मुक्ति एवं विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका” विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवा शक्ति के हाथों में है और यदि युवा वर्ग नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करे तो विकसित भारत का सपना साकार हो सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का संदेश दिया।
राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शाजिया सिद्दीकी ने अपने संबोधन में कहा कि नशा मुक्त समाज का निर्माण तभी संभव है जब युवा वर्ग जागरूक होकर इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाए। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों एवं समाज में भी जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान नशे के दुष्परिणामों, मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य पर उसके प्रभाव तथा सामाजिक जीवन पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है बल्कि उसके भविष्य, परिवार और समाज के विकास में भी बाधा उत्पन्न करता है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने नशा मुक्त भारत के निर्माण हेतु सामूहिक संकल्प लिया और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. रामानंद उनियाल, डॉ. किरन चौहान, डॉ. आरती रावत, डॉ. आयुष बर्त्वाल, श्री विमल बिष्ट, श्री विक्रम कंडारी सहित समस्त छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन नशा मुक्त भारत के निर्माण के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता के साथ किया गया।
