नागनाथ पोखरी में SIR जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों को मतदाता सूची पुनरीक्षण की दी गई जानकारी
लोकतंत्र के महापर्व में सक्रिय भागीदारी का आह्वान, छात्रों को मतदाता जागरूकता अभियान से जुड़ने की प्रेरणा
चमोली, 31 जुलाई 2026।
जिला निर्वाचन कार्यालय, चमोली के निर्देशानुसार हिमवंत कवि चंद्र कुंवर बर्त्वाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नागनाथ पोखरी में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) के संबंध में भाषण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के स्मार्ट कक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. रीटा शर्मा ने की।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया, मतदाता अधिकारों तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में नागरिकों की सहभागिता के प्रति जागरूक करना था।
लोकतंत्र में मतदान सबसे बड़ा अधिकार: प्राचार्य
अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्रो. रीटा शर्मा ने विद्यार्थियों को भविष्य में होने वाले चुनावों में मतदान के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक जागरूक नागरिक की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे मतदान से संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताओं को समय पर पूरा करें और लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाएं।
SIR प्रक्रिया की दी विस्तृत जानकारी
कार्यक्रम में SVEEP नोडल अधिकारी डॉ. शाज़िया सिद्दीकी ने विद्यार्थियों को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की पूरी प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने मतदाता सूची के शुद्धीकरण, पात्र मतदाताओं के पंजीकरण, आवश्यक प्रपत्रों तथा मतदाता अधिकारों की जानकारी देते हुए कहा कि शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी मतदाता सूची से संबंधित जानकारी देने और पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की पहचान
SVEEP सेल के सदस्य डॉ. रामानंद ने अपने संबोधन में कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तभी सशक्त होगा जब प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मतदान अधिकार के प्रति जागरूक रहेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे SIR से संबंधित जानकारी जनसामान्य तक पहुँचाकर मतदाता जागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं।
बड़ी संख्या में शिक्षक एवं विद्यार्थी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. शिव सिंह रावत, रसायन विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. किरण चौहान, अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. अनुपम रावत, डॉ. राजेश भट्ट, डॉ. सोहनी सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, प्राध्यापिकाएँ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने लोकतंत्र को मजबूत बनाने तथा मतदाता जागरूकता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।
