निराश्रितों के सहारे के लिए नगर पंचायत गजा की सराहनीय पहल, पत्रकार डी.पी. उनियाल ने कपड़े देकर की शुरुआत
पुराने कपड़े, जूते और किताबें अब बनेंगी जरूरतमंदों का सहारा, नगर पंचायत ने बनाई विशेष पेटियां
गजा | SKS News।
नगर पंचायत गजा ने निराश्रित एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए एक सराहनीय और मानवीय पहल की शुरुआत की है। नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान के तहत पुराने कपड़े, जूते एवं किताबें एकत्रित कर जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाई जाएंगी। इसके लिए नगर पंचायत परिसर में अलग-अलग पेटियां रखी गई हैं, जिनमें आमजन स्वेच्छा से पुराने कपड़े, जूते और किताबें जमा कर सकते हैं।
जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास
नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि समाज में ऐसे कई लोग हैं जो झुग्गियों, झोपड़ियों, रेहड़ी-पटरी या कूड़ा बीनकर जीवन यापन करते हैं और उन्हें सहारे की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि कई परिवार पुरानी किताबों को रद्दी में बेच देते हैं या फेंक देते हैं, जबकि वही किताबें किसी गरीब और होनहार बच्चे के भविष्य को संवार सकती हैं। उन्होंने कहा कि यदि समाज मिलकर बेसहारा लोगों का सहारा बने, तो उनके जीवन में नई उम्मीद और मुस्कान लाई जा सकती है।
पत्रकार डी.पी. उनियाल ने की पहल की शुरुआत
इस अभिनव अभियान की शुरुआत वरिष्ठ पत्रकार डी.पी. उनियाल ने पुराने कपड़े दान कर की। उन्होंने कहा कि आगे भी जूते और किताबें उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि “हमारी एक छोटी सी पहल किसी जरूरतमंद के चेहरे पर बड़ी मुस्कान ला सकती है।”
सामाजिक संगठनों ने की सराहना
गढ़वाल सभा पंजाब के पूर्व अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता टंखी सिंह नेगी ने नगर पंचायत गजा की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। साथ ही उन्होंने पत्रकार डी.पी. उनियाल के सहयोग की भी प्रशंसा की। नगर पंचायत कर्मचारी महेश सिंह खाती ने कहा कि भविष्य में यह योजना गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के लिए बेहद लाभदायक साबित होगी।
इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी रोहित परमार, नगर पंचायत कर्मचारी अजय सिंह खाती, बलवंत खाती, लखन पाल सिंह, गजेंद्र सिंह नेगी, बलवंत नेगी, सभासद श्रीमती रंजना चौहान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
