पर्यावरणविद् डॉ. अनिल प्रकाश जोशी और सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने रानीचौरी की स्वरोजगार इकाई का किया निरीक्षण
‘प्लास्टिक हटाओ, पर्यावरण बचाओ’ अभियान की सराहना, वेस्ट से बेस्ट उत्पाद बनाने वाले विद्यालयों और महिला समूहों को किया सम्मानित
रानीचौरी, टिहरी गढ़वाल, 30 मई 2026, SKS News।
जनपद टिहरी गढ़वाल के रानीचौरी स्थित मानव अधिकार संरक्षण एवं ग्रामीण विकास समिति द्वारा संचालित स्वरोजगार इकाई का प्रसिद्ध पर्यावरणविद् पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी एवं मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) वरुणा अग्रवाल ने भ्रमण कर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आराधना स्वयं सहायता समूह द्वारा वेस्ट प्लास्टिक एवं अन्य अनुपयोगी सामग्री से तैयार किए जा रहे उपयोगी उत्पादों की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने समूह द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों का अवलोकन किया और कहा कि ‘प्लास्टिक हटाओ, पर्यावरण बचाओ’ अभियान के तहत किया जा रहा यह प्रयास पर्यावरण संरक्षण और स्वरोजगार दोनों दृष्टि से अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के सहयोग से एकत्रित वेस्ट प्लास्टिक से उपयोगी एवं आकर्षक उत्पाद तैयार करना नवाचार का उत्कृष्ट उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि समिति द्वारा विकसित इस मॉडल को जनपद के अन्य क्षेत्रों में भी लागू किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
प्रख्यात पर्यावरणविद् डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने कहा कि मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल के मार्गदर्शन में महिला स्वयं सहायता समूहों को नई दिशा और गति मिल रही है। उन्होंने कहा कि रानीचौरी में चल रही यह पहल आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण का प्रेरणादायक उदाहरण है।
पर्यावरण संरक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यालय सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक उन्मूलन अभियान में सराहनीय योगदान देने वाले विद्यालयों को सम्मानित किया गया। इसमें राजकीय इंटर कॉलेज नागदेव पथल्ड के प्रधानाचार्य मुकेश उनियाल, राजकीय इंटर कॉलेज रानीचौरी के प्रधानाचार्य दिवाकर अन्थवाल तथा राजकीय इंटर कॉलेज नकोट के प्रधानाचार्य मुकेश डोभाल को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही आराधना स्वयं सहायता समूह द्वारा निर्मित धूपबत्ती एवं अन्य उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने में सहयोग देने वाले समाजसेवी कर्म सिंह तोपवाल तथा समूह की महिला सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।
महिला समूहों की पहल बनी आत्मनिर्भरता की मिसाल
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि वेस्ट मैटेरियल से उपयोगी उत्पाद तैयार करने की यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे रही है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित कर रही है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ-साथ प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने में भी सहायता मिल रही है।
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष संजय बहुगुणा, डॉ. अरविंद बिजल्वाण, शिक्षक राकेश बहुगुणा, कवि सोमवारी लाल सकलानी, डॉ. विजय बहुगुणा, राजेश बहुगुणा, चिंतामणि उनियाल, दुर्गेश भट्ट, कर्म सिंह तोपवाल, हर्षमणि बहुगुणा, प्रधान अर्चना कोठारी, प्रधान अनीता बहुगुणा, प्रधान कीर्ति नेगी, दिनेश बहुगुणा, भारत भूषण उनियाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में आराधना स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष सुषमा बहुगुणा, मीना कोठारी, संगीता कोठारी, सुचिता कोठारी, रुचि डोभाल, विजय लक्ष्मी एवं अन्य महिला सदस्यों की सक्रिय भूमिका भी सराहनीय रही।
