फार्मर रजिस्ट्री अभियान में तेजी लाने के निर्देश, अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित करने पर जोर
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने की समीक्षा बैठक, ग्राम प्रधानों एवं विभागों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश
टिहरी गढ़वाल, 03 जून 2026, SKS News।
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में फार्मर रजिस्ट्री अभियान की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने तथा अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में अधिक से अधिक पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएं तथा कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) को पूर्ण रूप से सक्रिय कर अभियान को गति प्रदान की जाए।
उन्होंने कहा कि किसानों को स्वयं भी फार्मर रजिस्ट्री के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान इस महत्वपूर्ण पहल से वंचित न रहे। इसके लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी ग्राम प्रधानों के साथ बैठक आयोजित कर उन्हें फार्मर रजिस्ट्री के महत्व, उद्देश्य एवं इससे मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान गांव स्तर पर किसानों को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी, सहायक निबंधक सहकारिता, मुख्य कृषि अधिकारी, मत्स्य विभाग, रेशम विभाग, लीड बैंक मैनेजर, सहकारी समितियों एवं अन्य संबंधित विभागों को अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक किसान इस अभियान से जुड़ सकें और सरकार द्वारा संचालित कृषि एवं किसान कल्याण योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को विभिन्न कृषि योजनाओं, अनुदान कार्यक्रमों एवं किसान हित से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों का सटीक डाटाबेस तैयार होगा, जिससे योजनाओं का लाभ लक्षित एवं प्रभावी ढंग से किसानों तक पहुंचाया जा सकेगा।
