बजरंग सेतु तपोवन एवं हिलान्स हिमालयन भोजनालय प्लास्डा का मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने किया निरीक्षण
पर्यटन, आजीविका और आधारभूत संरचनाओं की प्रगति का लिया जायजा, वृक्षारोपण और बेहतर सुविधाओं पर दिया जोर
टिहरी गढ़वाल, 04 जून 2026, SKS News।
मुख्य सचिव उत्तराखंड शासन आनंद बर्धन ने जनपद टिहरी गढ़वाल के भ्रमण के दौरान तपोवन स्थित बजरंग सेतु एवं नरेंद्रनगर विकासखंड के प्लास्डा स्थित हिलान्स हिमालयन भोजनालय का स्थलीय निरीक्षण कर विभिन्न विकास कार्यों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के प्रथम चरण में मुख्य सचिव ने तपोवन स्थित बजरंग सेतु का अवलोकन किया। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता ओम प्रकाश ने सेतु की इंजीनियरिंग संरचना, तकनीकी विशेषताओं एवं निर्माण संबंधी विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। मुख्य सचिव ने परियोजना की प्रगति, सुरक्षा मानकों तथा निर्माण गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके उपरांत मुख्य सचिव ने नरेंद्रनगर विकासखंड अंतर्गत प्लास्डा स्थित हिलान्स हिमालयन भोजनालय का निरीक्षण किया। भोजनालय की संचालक बीना पुंडीर ने उन्हें संस्थान की गतिविधियों, प्रतिदिन आने वाले ग्राहकों की संख्या तथा दैनिक बिक्री से संबंधित जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस उद्यम को रीप परियोजना के अंतर्गत 6 लाख रुपये की सहायता, 3 लाख रुपये का बैंक ऋण तथा 1 लाख रुपये का सीएलएफ (कम्युनिटी लेवल फेडरेशन) योगदान प्राप्त हुआ है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने भोजनालय परिसर के आसपास अधिक से अधिक वृक्षारोपण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पर्यटकों एवं आगंतुकों की सुविधा के लिए भोजनालय के मेनू को स्पष्ट, आकर्षक एवं सुव्यवस्थित रूप से प्रदर्शित करने पर भी जोर दिया।
मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने कहा कि स्थानीय स्तर पर पर्यटन, स्वरोजगार एवं आजीविका से जुड़े ऐसे नवाचारात्मक प्रयास ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ऐसे प्रयासों को और अधिक प्रोत्साहन देकर क्षेत्रीय विकास को नई गति देने के लिए प्रतिबद्ध है।
निरीक्षण के दौरान सचिव लोक निर्माण विभाग, औद्योगिक विकास, खनन एवं आयुष विभाग डॉ. पंकज कुमार पांडेय, जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, तपोवन नगर पंचायत अध्यक्ष विनीता बिष्ट, उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष घिडियाल, जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम, अधिशासी अधिकारी तपोवन अंजलि, खंड विकास अधिकारी श्रुति वत्स सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
