ब्रह्मलीन महात्मा सम्पत लाल शाह जी के निधन पर शोक की लहर, कांग्रेसजनों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
समाज सेवा, सादगी और मानवीय मूल्यों के प्रतीक थे सम्पत लाल शाह जी — राकेश राणा
नई टिहरी, 25 मई 2026, SKS News।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, नगर पालिका परिषद नई टिहरी के पूर्व अधिशासी अधिकारी एवं संत निरंकारी मिशन से जुड़े ब्रह्मलीन महात्मा पूज्य सम्पत लाल शाह जी के निधन से नई टिहरी सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। आज प्रातः बौराड़ी स्थित अपने आवास पर उन्होंने इस नश्वर देह का त्याग कर निरंकार में लीन हो गए।
ब्रह्मलीन सम्पत लाल शाह जी मूल रूप से जनपद रुद्रप्रयाग के ग्राम गोरती, पट्टी लस्या के निवासी थे तथा वर्तमान में बौराड़ी, नई टिहरी में निवास कर रहे थे। वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
परिवारजनों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार उनके पावन पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन हेतु 26 मई 2026 को प्रातः 10:00 बजे न्यू टिहरी सत्संग भवन में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी। इसके पश्चात अंतिम संस्कार हेतु पार्थिव शरीर को हरिद्वार ले जाया जाएगा।
जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल के अध्यक्ष राकेश राणा ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि ब्रह्मलीन सम्पत लाल शाह जी लंबे समय से समाज सेवा एवं संत निरंकारी मिशन से सक्रिय रूप से जुड़े हुए थे। उन्होंने कहा कि उनका जीवन सादगी, सेवा, समर्पण और मानवीय मूल्यों का प्रेरणादायी उदाहरण रहा।
राकेश राणा ने कहा कि उनके निधन से समाज, कांग्रेस पार्टी और संत निरंकारी मिशन को अपूरणीय क्षति पहुंची है। उन्होंने सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के श्रीचरणों में विनम्र अरदास करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस दुःखद अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवान, प्रदेश कांग्रेस सचिव मुशर्रफ अली, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशा रावत, नगर पालिका की पूर्व अध्यक्ष सीमा कृषाली, कांग्रेस नेता प्रवीण भंडारी, बार एसोसिएशन अध्यक्ष जयवीर सिंह रावत एडवोकेट, सोहन सिंह रावत, युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष लखबीर सिंह चौहान, पूर्व शहर अध्यक्ष देवेंद्र नौडियाल, ममता उनियाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य शांति शाह, अनीता रावत, अनीता शाह, लक्ष्मी रावत, मीना शाह, नगर पालिका सभासद नवीन सेमवाल, अनीश खान, परवेज अहमद सहित अनेक गणमान्य लोगों ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
