ऑल सेन्ट कॉन्वेंट स्कूल की फीस और अभिभावकों की शिकायतों पर डीएम ने की बैठक
नितिका खण्डेलवाल ने स्कूल प्रबंधन को दिए अभिभावकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश
टिहरी गढ़वाल, 25 मई 2026, SKS News।
जनपद टिहरी गढ़वाल में शिक्षा व्यवस्था और अभिभावकों की शिकायतों को लेकर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सोमवार को ऑल सेन्ट कॉन्वेंट स्कूल, नई टिहरी के प्रबंधन के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में अभिभावकों की ओर से प्राप्त विभिन्न शिकायतों एवं सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान विद्यालय शुल्क (फीस) से संबंधित मुद्दे प्रमुख रूप से उठाए गए। अभिभावकों द्वारा फीस संरचना को लेकर व्यक्त की गई शिकायतों और सुझावों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया तथा संबंधित विषयों के समाधान पर चर्चा की गई।
इसके अतिरिक्त विद्यालय में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों के लिए ली जाने वाली अतिरिक्त फीस को लेकर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन से पारदर्शिता बनाए रखने और अभिभावकों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यालय में आने वाले अभिभावकों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना जाए तथा उनका समयबद्ध और सकारात्मक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय एवं संवाद से विद्यार्थियों के लिए सकारात्मक और बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार किया जा सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा संस्थानों की प्राथमिकता विद्यार्थियों का समग्र विकास होना चाहिए और इसके लिए अभिभावकों का विश्वास बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। बैठक में बेसिक शिक्षा अधिकारी पूनम चौहान तथा ऑल सेन्ट कॉन्वेंट स्कूल के प्रबंधक जॉस टी. जे. उपस्थित रहे।
