शांति प्रसाद भट्ट ने कहा – संविधान के अनुच्छेद 21 का हो रहा उल्लंघन, भाजपा सरकार संवेदनहीन
“भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा आयुष अस्पताल जेलम: कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप”
“टिहरी गढ़वाल के जाखणीधार में आठ वर्षों से लटका अस्पताल निर्माण, कांग्रेस ने उठाए सवाल”
📍 टिहरी गढ़वाल (जाखणीधार)।
उत्तराखंड कांग्रेस प्रवक्ता शांति प्रसाद भट्ट ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में जनहित की योजनाओं को लटकाया, अटकाया और भटकाया जा रहा है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण है टिहरी गढ़वाल की तहसील जाखणीधार के जेलम में प्रस्तावित 50 बेड के आयुष अस्पताल का निर्माण।
भट्ट ने कहा कि विगत आठ वर्षों से इस अस्पताल का भवन अधूरा पड़ा है। केवल एक अधूरी सीसी दीवार बनी है और भूमि का भी आज तक कोई अता-पता नहीं है। उन्होंने इसे सरकारी धन के दुरुपयोग और जनता द्वारा दान की गई भूमि के साथ धोखा करार दिया।
कांग्रेस के प्रमुख सवाल और आरोप:
- आठ वर्षों से सरकार या किसी जिम्मेदार अधिकारी ने संज्ञान क्यों नहीं लिया?
- भूमि दान देने वाले किसानों को आज तक मुआवजा या लारा एक्ट के अनुसार क्षतिपूर्ति क्यों नहीं दी गई?
- आठ वर्षों बाद अब अचानक स्थान निरस्त कर नई भूमि का चयन क्यों किया जा रहा है?
- सरकार गारंटी दे कि नए स्थान पर तय समय में अस्पताल का निर्माण पूरा होगा और दोबारा धोखा नहीं होगा।
- ‘जीरो टॉलरेंस’ का दावा करने वाली मोदी-धामी सरकार में यह भ्रष्टाचार का जीवंत उदाहरण क्यों नहीं माना जाए?
- क्या इस लापरवाही और भ्रष्टाचार के लिए किसी की जिम्मेदारी तय होगी?
- जनप्रतिनिधि (सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, मंत्री, जिला पंचायत अध्यक्ष व सदस्य) इस मामले में चुप क्यों हैं?
भट्ट ने कहा कि भाजपा के वर्तमान विधायक और दोनों पूर्व विधायकों को जनता से माफी मांगनी चाहिए कि वे डबल इंजन सरकार के बावजूद आठ साल में एक अस्पताल का निर्माण भी पूरा नहीं करवा सके।
