मतदाता सूची पुनरीक्षण में तेजी: टिहरी में गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन पर ADM सख्त, अधिकारियों को दिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम की समीक्षा बैठक में 50 प्रतिशत से कम प्रगति वाले विधानसभा क्षेत्रों पर रहा फोकस, समयसीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करने के निर्देश
टिहरी गढ़वाल, 23 जून 2026 | सरहद का साक्षी, डिजिटल मीडिया
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाता गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति की समीक्षा हेतु अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन कार्य की विस्तृत समीक्षा की गई। विशेष रूप से उन विधानसभा क्षेत्रों पर चर्चा की गई, जहां डिजिटाइजेशन की प्रगति 50 प्रतिशत से कम पाई गई।
अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए तथा लंबित प्रपत्रों को प्राथमिकता के आधार पर ऑनलाइन दर्ज किया जाए।
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे में सभी अधिकारी निर्धारित समयसीमा के भीतर लक्ष्य पूर्ण करने के लिए गंभीरता से कार्य करें।
अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में डिजिटाइजेशन कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा दैनिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की देरी को समय रहते दूर किया जा सके।
बैठक में सभी ईआरओ एवं एईआरओ अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की प्रगति से अवगत कराया तथा निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने का आश्वासन दिया।
