मतदाता सूची पुनरीक्षण-2026 को लेकर टिहरी में सर्वदलीय बैठक, राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग का आह्वान
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु बीएलए और राजनीतिक दलों को दिए गए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश
टिहरी गढ़वाल, 16 जून 2026 | SKS News
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के सफल संचालन एवं निर्वाचन प्रक्रिया में राजनीतिक दलों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद टिहरी गढ़वाल में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों, अध्यक्षों तथा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रवार नियुक्त बीएलए-1 (Booth Level Agent) के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में संपन्न हुई। इस दौरान निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने पर विशेष बल दिया गया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने उपस्थित प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाता सूची का शुद्धीकरण, नए पात्र मतदाताओं का पंजीकरण, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नामों का विलोपन तथा पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा।
उन्होंने राजनीतिक दलों से अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से बूथ स्तर पर मतदाता सूची के परीक्षण एवं सत्यापन कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया। साथ ही निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने की भी अपील की।
बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सहभागी एवं त्रुटिरहित बनाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती का आधार है, इसलिए सभी संबंधित पक्षों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
बैठक में उपस्थित सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया तथा मतदाता जागरूकता एवं सत्यापन अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की सहमति जताई।
इस अवसर पर इंडियन नेशनल कांग्रेस के देवेंद्र नौडियाल, भारतीय जनता पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र प्रसाद डोभाल, भाजपा प्रतिनिधि जयेंद्र पंवार, सांसद प्रतिनिधि रामलाल नौटियाल, एडीईओ निर्वाचन विजय तिवारी, प्रशासनिक अधिकारी जवाहर सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों एवं प्रशासन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
