महाविद्यालय नागनाथ पोखरी में समाजशास्त्र विभागीय परिषद कार्यक्रम आयोजित, छात्र-छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा
प्राचार्य प्रो. रीटा शर्मा ने कहा – अनुशासन, कौशल और नैतिक मूल्यों से ही बनता है सशक्त राष्ट्र
चमोली, 12 मई 2026।
हिमंवत कवि चंद्रकुंवर बर्त्वाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नागनाथ पोखरी, चमोली में समाजशास्त्र विभागीय परिषद द्वारा विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रतियोगितात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. रीटा शर्मा द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्या प्रो. रीटा शर्मा ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को अपने जीवन में बड़ा लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए और उसे प्राप्त करने के लिए छोटे-छोटे अनुशासित कदमों के साथ निरंतर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय तकनीक और प्रतिस्पर्धा का युग है, इसलिए विद्यार्थियों को अपने भीतर कौशल, तार्किक सोच और नैतिक मूल्यों का समावेश करना आवश्यक है।
महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. संजीव कुमार जुयाल ने कहा कि छात्र जीवन में व्यवहार, भाषा और आचरण अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का आचरण ऐसा होना चाहिए जिससे समाज में सकारात्मकता का संदेश जाए। एक अनुशासित छात्र ही भविष्य में सशक्त राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
कार्यक्रम के अंतर्गत छात्र-छात्राओं के लिए क्विज प्रतियोगिता एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
क्विज प्रतियोगिता के परिणाम
क्विज प्रतियोगिता में बीए चतुर्थ सेमेस्टर की कु. निकिता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीए सेमेस्टर की कु. अंजली द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि बीए द्वितीय सेमेस्टर की कु. महक ने तृतीय स्थान हासिल किया।
भाषण प्रतियोगिता के परिणाम
भाषण प्रतियोगिता में बीए द्वितीय सेमेस्टर की अनुभूति ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीए चतुर्थ सेमेस्टर की कु. निकिता द्वितीय स्थान पर रहीं तथा बीए चतुर्थ सेमेस्टर की प्रिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में डॉ. रेनू सनवाल, सहायक प्राध्यापक भूगोल तथा डॉ. अनुपम रावत, सहायक प्राध्यापक अर्थशास्त्र शामिल रहे। विजेता प्रतिभागियों को प्राचार्या प्रो. रीटा शर्मा द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन समाजशास्त्र विभाग की प्राध्यापक डॉ. आरती रावत द्वारा किया गया। इस अवसर पर समाजशास्त्र विभाग के सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
