मां सुरकंडा धाम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने किया वृहद वृक्षारोपण, जनसमस्याएं सुनकर अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश
सावन माह में सुरकंडा धाम पहुंचे वन एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री, पर्यावरण संरक्षण, जनसंवाद और विकास पर दिया विशेष जोर
कद्दूखाल/सकलाना | रिपोर्ट: सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’
उत्तराखंड के वन, निर्वाचन एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने मंगलवार को प्रसिद्ध मां सुरकंडा देवी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की, प्रदेश एवं जनकल्याण की कामना की तथा मंदिर परिसर में व्यापक वृक्षारोपण अभियान में भाग लिया। तेज बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल हुए।
मां सुरकंडा मंदिर में पूजा-अर्चना, रौंसली का पौधा रोपा
अपराह्न लगभग एक बजे कद्दूखाल पहुंचने पर स्थानीय नागरिकों ने कैबिनेट मंत्री का भव्य स्वागत किया। इसके बाद वे मां सुरकंडा मंदिर पहुंचे, जहां विद्वान आचार्य रमेश लेखवार ‘अत्रि’ एवं सह-पुजारियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई।
पूजन उपरांत मंत्री सुबोध उनियाल ने मंदिर समिति के अध्यक्ष जितेंद्र नेगी के साथ मंदिर परिसर में रौंसली का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर वन विभाग एवं स्थानीय लोगों के सहयोग से मंदिर परिसर के आसपास हजारों पौधों का रोपण किया गया।
मंदिर समिति से विकास कार्यों पर हुई चर्चा
कार्यक्रम के दौरान मंदिर समिति के अध्यक्ष जितेंद्र नेगी ने मंदिर से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों एवं आवश्यकताओं से मंत्री को अवगत कराया। समिति के प्रबंधक रघुभाई जड़धारी ने कार्यक्रम की रूपरेखा एवं व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
पर्यावरणविद् विजय जड़धारी ने पर्यावरण संरक्षण एवं स्थानीय सहभागिता पर अपने विचार रखे। वरिष्ठ साहित्यकार एवं कवि सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’ ने मंत्री के सम्मान में स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की।
मंदिर समिति की ओर से रामकृष्ण डबराल, के.एस. नेगी, दीपक उनियाल, विनोद जड़धारी एवं आशीष नेगी सहित अन्य पदाधिकारियों ने मंत्री को स्मृति चिन्ह एवं प्रसाद भेंट किया।
गंगा स्वयं सहायता समूह ने किया स्वागत
मंदिर से लौटते समय गंगा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने कैबिनेट मंत्री का पारंपरिक स्वागत किया तथा समूह द्वारा निर्मित स्थानीय उत्पाद भेंट कर महिला स्वावलंबन एवं स्थानीय उद्यमिता की झलक प्रस्तुत की।
कद्दूखाल बाजार में जनसंवाद, जनसमस्याओं के समाधान के निर्देश
कद्दूखाल बाजार में व्यापार मंडल अध्यक्ष दीपक उनियाल एवं ग्राम प्रधान श्रीमती विनीता उनियाल के नेतृत्व में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर क्षेत्रीय विकास से संबंधित विभिन्न मांगें रखी गईं।
कैबिनेट मंत्री ने जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, किसान नेता वीरेंद्र नेगी, भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज खत्री, वीरेन्द्र सज्वाण, अरविंद राणावत, अनुसूया प्रसाद उनियान, विवेक सकलानी, गंभीर सिंह नेगी, राजेश्वरी सकलानी, सुंदरलाल सकलानी, कांति सकलानी, गीता उनियाल, सोहनवीर सज्वाण, पंडित शिवराज, विनोद उनियाल, शीशराम उनियाल, पूर्ण सिंह दंदेला, आशीष सकलानी, डीएफओ टिहरी, एसएचओ चंबा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
